चीन के आर्थिक विकास के “नए इंजन” सूचकांक में 12.5 प्रतिशत की वृद्धि

2025 में चीन के आर्थिक विकास के “नए इंजन”, यानी आर्थिक विकास को आगे बढ़ाने वाले नए उद्योग, तकनीक, नवाचार और कारोबारी मॉडल, का सूचकांक 153.0 रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 12.5 प्रतिशत अधिक है। सभी श्रेणीगत सूचकांकों में भी पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ोतरी दर्ज की गई। इनमें आर्थिक रूपांतरण और उन्नयन तथा नवाचार-प्रेरित विकास का समग्र सूचकांक की वृद्धि में बड़ा योगदान रहा। चीन के राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो द्वारा अगस्त के अंत में जारी आंकड़ों से पता चलता है कि चीन के आर्थिक विकास में नई प्रेरक शक्तियां लगातार उभर रही हैं।

राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार, चीन के आर्थिक विकास से जुड़े आर्थिक रूपांतरण और उन्नयन सूचकांक, नवाचार-प्रेरित विकास सूचकांक, नेटवर्क अर्थव्यवस्था सूचकांक और आर्थिक सक्रियता सूचकांक—इन चार प्रमुख श्रेणीगत सूचकांकों में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई। इनमें आर्थिक रूपांतरण और उन्नयन तथा नवाचार-प्रेरित विकास के दो सूचकांकों का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। आंकड़ों के अनुसार, 2025 में चीन के आर्थिक विकास का रूपांतरण और उन्नयन सूचकांक 156.8 रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 22.7 प्रतिशत अधिक है और समग्र सूचकांक की वृद्धि में इसका योगदान 34.1 प्रतिशत रहा। नवाचार-प्रेरित विकास सूचकांक 156.3 रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 12.9 प्रतिशत अधिक है और समग्र सूचकांक की वृद्धि में इसका योगदान 31.4 प्रतिशत रहा।