चीन नेपाल को राहत सहायता प्रदान करना जारी रखेगा

(CRI)09:56:10 2026-09-02

1 सितंबर को चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता क्वो च्याखुन ने नियमित संवाददाता सम्मेलन की अध्यक्षता की।

भूस्खलन आपदा से संबंधित सवालों के जवाब में क्वो च्याखुन ने कहा कि चीन और नेपाल के बीच मौसम विज्ञान, जल संसाधन, आपदा न्यूनीकरण और रोकथाम जैसे क्षेत्रों में हमेशा अच्छा सहयोग रहा है। भूस्खलन आपदा के बाद, चीन ने नेपाल के साथ लोगों की खोज व बचाव, सूचना साझाकरण और अतिरिक्त आपदाओं की रोकथाम में निर्बाध संपर्क बनाए रखा है और लगातार नेपाल को मौसम संबंधी और जल विज्ञान संबंधी आंकड़े उपलब्ध कराए हैं। चीन ने नेपाल के साथ विशेषज्ञ परामर्श बैठक आयोजित की और संबंधित पूर्व चेतावनी सूचनाएँ प्रदान की हैं।

क्वो च्याखुन ने आगे कहा कि नेपाल के प्रभावित क्षेत्रों को आपातकालीन सहायता प्रदान करना और अंतर्राष्ट्रीय बचाव सहयोग में शामिल होना चीन का एक महत्वपूर्ण राजनीतिक निर्णय है, जो नेपाल के प्रति चीन की मैत्रीपूर्ण भावना को दर्शाता है। नेपाल के लिए चीन की दूसरी खेप की सहायता सामग्री 1 सितंबर को रवाना होने वाली है, जिसमें ड्रोन, डीएनए (DNA) परीक्षण उपकरण और अभिकर्मक, जल शोधन उपकरण और प्रकाश उपकरण आदि शामिल हैं, जो नेपाल के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। चीनी डीएनए विशेषज्ञ भी आपदा क्षेत्र में जाकर नेपाली टीमों की सहायता करेंगे।

चीन नेपाल के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा और कठिन समय में एक साथ मिलकर सामना करेगा और अपने कार्यों से पड़ोसी देशों की पारंपरिक मैत्री का वास्तविक अर्थ दिखाएगा।