13वां पेइचिंग श्यांगशान मंच सितंबर में होगा

(CRI)09:58:28 2026-08-28

13वां पेइचिंग श्यांगशान मंच 15 से 17 सितंबर तक पेइचिंग अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में आयोजित किया जाएगा। चीनी रक्षा मंत्रालय की ओर से 27 अगस्त को आयोजित नियमित संवाददाता सम्मेलन में प्रवक्ता चांग श्याओकांग ने यह जानकारी दी।

प्रवक्ता के अनुसार, इस वर्ष मंच का विषय "स्थिरता पर आम सहमति बनाना और संयुक्त रूप से सुरक्षा शासन को बढ़ावा देना" है। मंच के दौरान चार पूर्ण सत्र होंगे। इनमें अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था और रणनीतिक स्थिरता, स्थानीय संघर्षों की दुविधा और उनके समाधान, एशिया प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा, स्थिरता, जोखिम और चुनौतियां तथा विकासशील देशों की भूमिका और दृष्टिकोण जैसे विषयों पर चर्चा होगी।

इसके अलावा, मंच के दौरान 8 समानांतर पैनल चर्चाएं भी होंगी। इनमें प्रमुख शक्तियों के संबंध और रणनीतिक स्थिरता, सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए एशियाई दृष्टिकोण, समुद्री सुरक्षा और शासन, सैन्य क्षेत्र में उभरती प्रौद्योगिकियों के इस्तेमाल से जुड़े जोखिम और उनका प्रबंधन तथा अंतरिक्ष सुरक्षा शासन में नए रुझान जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल होंगे।

इसके साथ ही, मंच के दौरान चौथा चीन अफ्रीका शांति एवं सुरक्षा मंच भी आयोजित किया जाएगा। प्रवक्ता ने बताया कि इस वर्ष पेइचिंग श्यांगशान मंच की स्थापना की 20वीं वर्षगांठ भी है। समानता, खुलेपन, समावेशिता और आपसी सीख के सिद्धांतों के तहत यह मंच रक्षा क्षेत्र के थिंक टैंक के बीच आदान प्रदान की गतिविधि से विकसित होकर आधिकारिक और अकादमिक क्षेत्रों को जोड़ने वाला अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा संवाद का एक महत्वपूर्ण मंच बन गया है।

प्रवक्ता ने कहा कि इस मंच ने वैश्विक सुरक्षा शासन और मानव जाति के साझा भविष्य के निर्माण के लिए आम सहमति बढ़ाने, आपसी विश्वास मजबूत करने और सहयोग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।