आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने शीत्सांग भेजे राहत बल, पहली खेप के 141 सदस्य चिलोंग सीमा-द्वार पर पहुंचे

चीन के आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार, शीत्सांग स्वायत्त प्रदेश के शिगात्से शहर के चिलोंग काउंटी में भूस्खलन की आपदा के बाद मंत्रालय ने तत्काल आपातकालीन बचाव बलों को शीत्सांग भेजकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

27 अगस्त सुबह करीब 8 बजे तक, राहत एवं बचाव बलों की पहली खेप के 141 सदस्य चिलोंग सीमा-द्वार पर पहुंच चुके थे, जबकि भेजा गया उच्च-पठारीय परिस्थितियों के लिए अनुकूलित एमआई-171 हेलीकॉप्टर भी आपदा प्रभावित क्षेत्र में पहुंच चुका था। इसके अलावा, मंत्रालय द्वारा नागरिक उड्डयन के विशेष विमान की व्यवस्था की गई है, जिसके जरिए 111 सदस्यीय चीन बचाव दल जांच एवं निगरानी, बचाव, मलबा हटाने, संचार और सहायता समेत अन्य उपकरण व सामग्री लेकर रवाना हुआ है। वहीं, मंत्रालय के प्राकृतिक आपदा इंजीनियरिंग बचाव ल्हासा और छंगतू ठिकानों तथा चाइना आननंग की छोंगछिंग बचाव टीम के 300 सदस्य 120 सेट उपकरणों के साथ, जबकि चाइना रेलवे, चाइना रेलवे कंस्ट्रक्शन, चाइना कम्युनिकेशंस कंस्ट्रक्शन, चाइना पावर कंस्ट्रक्शन, चाइना एनर्जी इंजीनियरिंग और चाइना यालुंग त्सांगपो ग्रुप के 248 सदस्य 264 सेट उपकरण एवं बचाव सामग्री के साथ घटनास्थल की ओर रवाना हुए हैं। इसके अलावा, आसपास के क्षेत्रों में 14 बचाव दलों के 418 सदस्यों को तैनात रखा गया है, जो जरूरत पड़ने पर किसी भी समय सहायता के लिए रवाना हो सकते हैं।