पूर्वोत्तर चीन के सबसे लंबे समुद्री पुल के निर्माण में महत्वपूर्ण प्रगति


25 अगस्त को ली गई तस्वीर में मुख्य लाइन स्टील अस्थायी पुल के जुड़ने के समारोह का दृश्य (ड्रोन से ली गई तस्वीर)।

25 अगस्त को आयोजित तालियान छांगहाई पुल के निर्माण के लिए बनाए गए मुख्य स्टील अस्थायी पुल के पूरी तरह जुड़ने के समारोह में मिली जानकारी के अनुसार, 11.6 किलोमीटर लंबा यह स्टील अस्थायी पुल हाल ही में पूरी तरह तैयार होकर जुड़ गया है। इसके साथ ही छांगहाई पुल परियोजना के निर्माण में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

छांगहाई पुल तालियान के छांगहाई काउंटी के ताछांगशान द्वीप कस्बे से शुरू होकर तालियान के फुलानतीयान जिले के फ़ीखोउ उप-जिले तक जाएगा। इसकी कुल लंबाई 25.5 किलोमीटर है और यह पूर्वोत्तर चीन का सबसे लंबा समुद्री पुल होगा। इसका निर्माण जून 2025 में शुरू हुआ था। छांगहाई काउंटी पीले सागर के उत्तरी हिस्से में स्थित है और इसमें कुल 195 द्वीप हैं, जिनमें 18 द्वीपों पर लोग रहते हैं। पुल के निर्माण के बाद छांगहाई काउंटी में द्वीपों और मुख्य भूमि के बीच परिवहन की मौजूदा समुद्री परिवहन पर निर्भरता बदलेगी और द्वीपवासियों के लिए मौसम पर निर्भर होकर द्वीप से बाहर जाने की समस्या दूर होगी।


25 अगस्त को मुख्य लाइन स्टील अस्थायी पुल पर वाहन गुजरते हुए।

जानकारी के अनुसार, छांगहाई पुल के निर्माण वाले समुद्री क्षेत्र में तेज हवाओं और लहरों के साथ ज्वार-भाटे में लगातार बदलाव होता रहता है, जिससे निर्माण कार्य में कई तरह की बाधाएं आती हैं। पूरे वर्ष में समुद्र पर निर्माण कार्य के लिए केवल करीब 180 दिन ही प्रभावी रूप से उपलब्ध होते हैं। इसके अलावा, उथले पानी वाले क्षेत्रों में जल की गहराई कम होने के कारण सामान्य निर्माण जहाज वहां काम नहीं कर सकते। इससे निर्माण की गति धीमी, समयसीमा पर नियंत्रण कठिन और सुरक्षा जोखिम अधिक हो जाते हैं।

स्टील से बना यह अस्थायी पुल छांगहाई पुल के निर्माण के लिए तैयार की गई एक सहायक सुविधा है। यह हर मौसम में तेज और कुशल समुद्री निर्माण कार्य के लिए एक मार्ग उपलब्ध कराता है। इसके पूरी तरह जुड़ जाने से निर्माण सामग्री, उपकरण और कर्मचारियों की आवाजाही की दक्षता में काफी सुधार हुआ है तथा उथले समुद्री क्षेत्रों में जहाजों के जरिए निर्माण कार्य करने की कठिनाई भी प्रभावी रूप से दूर हुई है। अगले चरण में छांगहाई पुल परियोजना की टीम पुल की नींव के लिए पाइल निर्माण, बॉक्स गर्डर की स्थापना समेत मुख्य निर्माण कार्यों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाएगी।