चीन ने अवैध एकतरफा प्रतिबंधों का कड़ा विरोध जताया
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने ईरान को "आर्थिक रूप से अलग-थलग" करने के लिए अमेरिकी प्रतिबंधों के एक नए दौर की घोषणा की। इस पर चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन च्येन ने 25 अगस्त को पेइचिंग में आयोजित नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि चीन अंतरराष्ट्रीय कानून के आधार से रहित और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से अधिकृत नहीं किए गए अवैध एकतरफा प्रतिबंधों का लगातार कड़ा विरोध करता रहा है।
उन्होंने कहा कि आर्थिक युद्ध और अधिकतम दबाव की रणनीति से समस्या का समाधान नहीं होगा। इससे केवल संघर्ष बढ़ेगा, जोखिम फैलेंगे, वैश्विक आर्थिक और वित्तीय व्यवस्था में गड़बड़ी पैदा होगी और दूसरे देशों के वैध अधिकारों और हितों को नुकसान पहुंचेगा।
लिन च्येन ने कहा कि मौजूदा स्थिति में सबसे जरूरी है कि तनाव को कम किया जाए और जल्द से जल्द संवाद और बातचीत के रास्ते पर लौटा जाए। उन्होंने कहा कि चीन अपने वैध अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाएगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका ने ईरान के खिलाफ लगाए गए नए प्रतिबंधों में कुछ चीनी कंपनियों को भी शामिल किया है। इसके जवाब में लिन च्येन ने कहा कि ईरान के साथ चीन का सहयोग हमेशा अंतरराष्ट्रीय कानून के दायरे में रहा है और इसमें किसी तरह का हस्तक्षेप या बाधा नहीं डाली जानी चाहिए।