लॉन्ग मार्च-12B Y1 रॉकेट का पहला प्रक्षेपण सफल


चित्र शिन्हुआ एजेंसी से है

1 जून को लॉन्ग मार्च-12B Y1 वाहक रॉकेट को तोंगफ़ेंग वाणिज्यिक अंतरिक्ष नवाचार परीक्षण क्षेत्र से सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किया गया। रॉकेट द्वारा अपने साथ ले जाए गए छ्येनफ़ान पोलर ऑर्बिट-08 उपग्रह समूह को निर्धारित कक्षा में सटीक रूप से स्थापित किया गया। इस प्रकार पूरा उड़ान परीक्षण मिशन सफल रहा।

लॉन्ग मार्च-12B Y1 वाहक रॉकेट, चीन एयरोस्पेस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी समूह की वाणिज्यिक रॉकेट कंपनी द्वारा विकसित नई पीढ़ी का एकल-कोर, चार मीटर व्यास वाला पुनः प्रयोज्य प्रक्षेपण रॉकेट है, जिसे मुख्य रूप से चीन के बड़े पैमाने के इंटरनेट उपग्रह नक्षत्रों के निर्माण तथा अन्य वाणिज्यिक प्रक्षेपण आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है।

परियोजना के एक प्रमुख तकनीकी अधिकारी के अनुसार, इस रॉकेट में त्रुटि पहचान और स्वचालित पुनर्संरचना क्षमता से युक्त उड़ान नियंत्रण सॉफ्टवेयर लगाया गया है, जो उड़ान के दौरान उत्पन्न असामान्य परिस्थितियों का स्वतः समाधान कर मिशन की विश्वसनीयता को बढ़ाता है। इसके अतिरिक्त, गैस-दाब संचायक प्रौद्योगिकी का अभिनव उपयोग करते हुए अनुदैर्ध्य युग्मन कंपन को नियंत्रित करने वाली वाल्व एवं पाइपलाइन प्रणाली को सरल बनाया गया है, जिससे समग्र स्तर पर उड़ान सुरक्षा और अधिक सुदृढ़ हुई है। चीन वाणिज्यिक रॉकेट कंपनी के एक संबंधित अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि लॉन्ग मार्च-12B Y1 वाहक रॉकेट के सफल परिचालन से भविष्य में उच्च-आवृत्ति प्रक्षेपण अभियानों और बड़े पैमाने के उपग्रह नक्षत्र नेटवर्क के निर्माण के लिए नई प्रक्षेपण क्षमता उपलब्ध होगी। साथ ही, कंपनी पुनः प्रयोज्य प्रौद्योगिकियों के विकास को भी निरंतर आगे बढ़ा रही है, ताकि प्रक्षेपण सेवाओं की दक्षता और लचीलेपन में और वृद्धि की जा सके।