चीन में लगभग 63.5 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में ग्रीष्मकालीन गेहूं की कटाई पूरी

चित्र शिन्हुआ एजेंसी से है
1 जून को शाम 5 बजे तक, चीन में लगभग 63.5 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में ग्रीष्मकालीन गेहूं की कटाई पूरी की जा चुकी है, जो कुल कटाई कार्य का 28.06 प्रतिशत है। केवल उसी दिन 12.71 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की कटाई की गई तथा 2.294 लाख संयुक्त हार्वेस्टर मशीनों को कार्य में लगाया गया। तुलना के लिए, पिछले वर्ष इसी दिन 2.90 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में कटाई की गई, जिसमे 78,300 संयुक्त हार्वेस्टर तैनात किए गए थे।
चीन के विभिन्न क्षेत्रों की प्रगति पर नजर डालें तो, आनहुई में गेहूं कटाई का कार्य आधे से अधिक पूरा किया जा चुका है, जबकि हेनान में यह काम 35 प्रतिशत से अधिक तक पहुंच गया है। वही च्यांगसू और शान्शी में कटाई का कार्य लगभग 10 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है, जबकि शानतोंग और शानशी में कटाई सीमित स्तर पर जारी है। इसके अलावा, दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्रों में भी गेहूं की कटाई सफलतापूर्वक पूरी की जा चुकी है।
इस वर्ष चीन में शीतकालीन गेहूं की बुवाई का कुल क्षेत्रफल लगभग 2.27 करोड़ हेक्टेयर क्षेत्र रहा। वर्षा के प्रतिकूल प्रभावों से निपटने के लिए गेहूं कटाई वाले नौ प्रमुख प्रांतों (ह्वांगह्वाईहाई क्षेत्र के आठ प्रांतों तथा सिछुआन सहित) द्वारा ठोस कदम उठाते हुए 3,300 से अधिक क्षेत्रीय कृषि मशीनरी सामाजिक सेवा केंद्र, 2,000 से अधिक क्षेत्रीय कृषि आपदा राहत केंद्र तथा 5,900 से अधिक स्थायी कृषि मशीनरी आपातकालीन सेवा दलों को सक्रिय किया गया, जिनका मुख्य उद्देश्य परिपक्व गेहूं की समय पर और शीघ्र कटाई सुनिश्चित करना तथा आवश्यकता अनुसार अधिकतम अनाज सुखाने की व्यवस्था उपलब्ध कराना है।