2026 विश्व बुद्धिमान उद्योग एक्सपो में 200 से अधिक नवोन्मेषी उपलब्धियां प्रदर्शित

(CRI)09:08:20 2026-06-01


2026 विश्व बुद्धिमान उद्योग एक्सपो में रोबोट। (VCG)

चीन के थ्येनचिन शहर में आयोजित 2026 विश्व बुद्धिमान उद्योग एक्सपो 30 और 31 मई को आम जनता के लिए खोला गया है। इस वर्ष के एक्सपो में प्रदर्शनी, प्रतियोगिताएं, व्यावसायिक संपर्क एवं सहयोग वार्ताएं, आदान-प्रदान कार्यक्रम तथा अंतःक्रियात्मक अनुभव जैसी अनेक गतिविधियां आयोजित की गई हैं। इन आयोजनों ने बुद्धिमान प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग, संवाद और साझा विकास के लिए एक महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराया है।

एक्सपो में छह विषयगत प्रदर्शनी क्षेत्र बनाए गए हैं, जिनमें 741 कंपनियां भाग ले रही हैं। 30 मई तक मुख्य प्रदर्शनी स्थल पर कुल 1 लाख 82 हजार से अधिक आगंतुक पहुंच चुके थे। प्रदर्शनी में बुद्धिमान विनिर्माण, निम्न-ऊंचाई अर्थव्यवस्था, स्मार्ट टर्मिनल और अन्य उभरते क्षेत्रों से जुड़ी 200 से अधिक नवोन्मेषी उपलब्धियों का प्रदर्शन किया गया।

इसके साथ ही, थ्येनचिन में बुद्धिमान विनिर्माण, नई ऊर्जा, उच्च स्तरीय उपकरण निर्माण तथा साकार एआई से संबंधित 85 प्रमुख परियोजनाओं का शुभारंभ भी किया गया। एक्सपो का समापन 31 मई को होगा।

अत्याधुनिक तकनीकी उपलब्धियों के प्रदर्शन के अलावा, एक्सपो में कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़ी कई प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई हैं। ये प्रतियोगिताएं न केवल बुद्धिमान प्रौद्योगिकी की उन्नत क्षमताओं को प्रदर्शित करती हैं, बल्कि विभिन्न तकनीकों के एकीकरण और नवाचार को भी बढ़ावा देती हैं।

2026 विश्व बुद्धिमान उद्योग एक्सपो के साथ-साथ एशिया-प्रशांत रोबोट विश्व कप थ्येनचिन अंतर्राष्ट्रीय आमंत्रण प्रतियोगिता का भी शुभारंभ किया गया है। कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी छिंगहुआ विश्वविद्यालय की रोबोटिक्स टीम ने अपने रोबोटों की दृश्य पहचान, गति समन्वय और निर्णय लेने की क्षमताओं में लगातार सुधार किया है। इसी कारण टीम ने इस वर्ष की प्रतियोगिता में भी अपने प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।