चीन-पाकिस्तान राजनीतिक पार्टी मंच और चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा राजनीतिक पार्टी परामर्श तंत्र की बैठक आयोजित
चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के अंतर्राष्ट्रीय विभाग की ओर से आयोजित चीन-पाकिस्तान राजनीतिक पार्टी मंच और चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा राजनीतिक पार्टी परामर्श तंत्र की बैठक 24 मई को पेइचिंग में आयोजित हुई। बैठक का विषय था, “नए युग में साझा भविष्य वाले चीन-पाकिस्तान समुदाय का निर्माण : राजनीतिक दलों की सक्रिय भूमिका”।
बैठक में करीब 140 लोगों ने हिस्सा लिया। इनमें पाकिस्तान की 12 प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के नेता, थिंक टैंक, मीडिया और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल थे। इसके अलावा, चीन के विभिन्न मंत्रालयों, उद्यमों, मीडिया संस्थानों और विद्वानों के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया।
सीपीसी केंद्रीय समिति के अंतर्राष्ट्रीय विभाग के निदेशक ल्यू हाईशिंग ने कहा कि चीनी और पाकिस्तानी नेताओं के रणनीतिक मार्गदर्शन में चीन और पाकिस्तान के बीच हर मौसम में मजबूत रहने वाली रणनीतिक साझेदारी लगातार गहरी हो रही है। उन्होंने कहा कि चीनी कम्युनिस्ट पार्टी, चीन-पाकिस्तान राजनीतिक पार्टी मंच जैसे माध्यमों का बेहतर उपयोग करते हुए पाकिस्तान की प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के साथ आदान-प्रदान और सहयोग को और मजबूत करने तथा साझा भविष्य वाले चीन-पाकिस्तान समुदाय के निर्माण को आगे बढ़ाने के लिए तैयार है।
पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार सहित अन्य प्रतिनिधियों ने कहा कि पाकिस्तान, दोनों देशों के नेताओं के बीच बनी सहमति को लागू करने के लिए चीन के साथ मिलकर काम करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान रणनीतिक और राजनीतिक आपसी विश्वास को और गहरा करने, व्यावहारिक सहयोग तथा मानविकी और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को मजबूत बनाने, चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे के उन्नत संस्करण के निर्माण और दोनों देशों के संबंधों में नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए अंतर-दलीय चैनलों के माध्यम से सहयोग बढ़ाएगा।