BCI तकनीक से लकवाग्रस्त मरीजों के शारीरिक कार्यों की बहाली में मदद

19 मई को, चीन की राजधानी पेइचिंग स्थित कैपिटल मेडिकल यूनिवर्सिटी के शुआनवू अस्पताल के अध्यक्ष चाओ कुओकुआंग और मुख्य चिकित्सक तुआन वानरू के नेतृत्व में एक शोध दल ने देश के मस्तिष्क विज्ञान अनुसंधान संस्थानों के साथ मिलकर एक बड़ी सफलता हासिल की है। यह सफलता "ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफ़ेस + स्पाइनल कॉर्ड इलेक्ट्रिकल स्टिमुलेशन + एक्सोस्केलेटन" (BCI + SCS + Exoskeleton) के संयुक्त उपचार पर किए गए शोध में मिली है, जो रीढ़ की हड्डी की गंभीर और अंतिम चरण की चोट से पीड़ित मरीजों के इलाज से जुड़ा है।

अस्पताल का पहला मरीज, जिसके शरीर में "पेइनाओ-1" (BeiNao-1) इनवेसिव ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफ़ेस और सीक्वेंशियल स्पाइनल कॉर्ड इलेक्ट्रिकल स्टिमुलेशन सिस्टम को इम्प्लांट किया गया था, वह अब न केवल बिस्तर पर स्वतंत्र रूप से हिल-डुल सकता है, बल्कि ब्रेसिज़ और एक्सोस्केलेटन सिस्टम की मदद से पैर से किक मारने और वजन के साथ गेंद फेंकने व पकड़ने जैसे गहन प्रशिक्षण भी ले सकता है। इसके साथ ही, वह सहारे के साथ चलने में भी सक्षम हो गया है।