22वां सांस्कृतिक उद्योग मेला शुरू

पांच दिनों तक चलने वाला 22वां चीन (शनचन) अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक उद्योग मेला एवं व्यापार प्रदर्शनी 21 मई को शनचन अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी एवं सम्मेलन केंद्र में शुरू हुआ। इस वर्ष के मेले में पहली बार एपेक अर्थव्यवस्थाओं के लिए विशेष प्रदर्शनी क्षेत्र स्थापित किया गया है। इसके अलावा, मेले में 6312 प्रदर्शक ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से भाग ले रहे हैं, जबकि 1.2 लाख से अधिक सांस्कृतिक उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है।

सांस्कृतिक उद्योग के डिजिटलीकरण, स्मार्ट तकनीकी सशक्तिकरण और नई गुणवत्ता वाली उत्पादक शक्तियों के विकास पर केंद्रित इस मेले में, वैश्विक स्तर के सांस्कृतिक उद्योग संसाधनों को एक मंच पर लाया गया है। इसके माध्यम से चीन के सांस्कृतिक उद्योग के उच्च गुणवत्ता वाले विकास की उपलब्धियों को व्यापक रूप से प्रदर्शित किया जा रहा है। शनचन अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी एवं सम्मेलन केंद्र स्थित मुख्य आयोजन स्थल पर कुल आठ प्रदर्शनी हॉल बनाए गए हैं, जिनमें तीन समेकित हॉल और पांच पेशेवर प्रदर्शनी हॉल शामिल हैं।

समग्र प्रदर्शनी हॉलों में सांस्कृतिक उद्योग समग्र हॉल ए, बी और सी शामिल हैं, जबकि पेशेवर प्रदर्शनी हॉलों में फैशन एवं कला हॉल, वैश्विक सांस्कृतिक व्यापार हॉल, सांस्कृतिक विरासत एवं नवाचार हॉल, कुआँगतोंग-हांगकांग-मकाओ ग्रेटर बे एरिया सांस्कृतिक उद्योग नवाचार हॉल तथा सांस्कृतिक प्रौद्योगिकी हॉल शामिल हैं। विभिन्न प्रदर्शनी हॉलों में 34 विशेष उप-प्रदर्शनी क्षेत्र स्थापित किए गए हैं, जहां लगभग 300 प्रदर्शक पहली बार अपने नए उत्पाद प्रस्तुत कर रहे हैं। मेले के दौरान मुख्य आयोजन स्थल पर आपूर्ति-खरीद समन्वय, परियोजना रोड शो और नए उत्पादों के प्रचार से जुड़े 260 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जबकि शनचन शहर के 51 उप-स्थलों पर समानांतर रूप से उपभोक्ता मेले, ऑर्डरिंग और व्यापार वार्ता कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेंगे।

मेले में पहली बार एपेक अर्थव्यवस्था प्रदर्शनी क्षेत्र में एशिया-प्रशांत क्षेत्र के सांस्कृतिक और पर्यटन विकास की उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जा रहा है। यहां विशेष उत्पादों, अमूर्त सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रचनात्मक उत्पादों तथा क्षेत्रीय व्यंजनों को प्रदर्शित कर एशिया-प्रशांत सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सहयोग के लिए नया मंच तैयार किया गया है। साथ ही, नए क्रॉस-बॉर्डर ई-कॉमर्स प्रदर्शनी क्षेत्र में दर्जनों सीमा-पार ई-कॉमर्स कंपनियां भाग ले रही हैं, जिससे सांस्कृतिक उत्पादों के वैश्विक बाजार तक पहुंचने के लिए सुविधाजनक मार्ग तैयार किया गया है।

इस बार के मेले में 65 देशों और क्षेत्रों के 310 विदेशी प्रदर्शक ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से भाग ले रहे हैं, जिनमें 42 देशों और क्षेत्रों की 148 कंपनियां प्रत्यक्ष रूप से प्रदर्शनी में शामिल हुई हैं।