मध्य एवं पूर्वी यूरोप के बाजारों में चीनी रोबोट उत्पादों की बढ़ती मांग

पोलैंड की राजधानी वारसॉ में आयोजित अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक स्वचालन एवं रोबोटिक्स प्रदर्शनी में चीन की विभिन्न रोबोटिक तकनीकें प्रदर्शनी के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहीं। इस प्रदर्शनी में, फुतो रोबोटिक्स (चीन की एक रोबोटिक्स कंपनी) के रोबोट्स लॉजिस्टिक्स संचालन का प्रदर्शन करते दिखाई दिए, वहीं एजीबोट के रोबोट निर्धारित मार्ग पर चलते हुए फर्श की सफाई में जुटे हुए थे। दूसरी ओर, यूनिट्री रोबोटिक्स का मानवाकार रोबोट हाथ हिलाकर दर्शकों के साथ संवाद करता दिखाई दिया, जिसके साथ बड़ी संख्या में लोगों ने तस्वीरें भी खिंचवाईं।

तीन दिनों तक चली इस प्रदर्शनी का समापन 14 मई को हुआ। मौके पर मौजूद संवाददाताओं ने पाया कि लॉजिस्टिक्स परिवहन, औद्योगिक वेल्डिंग से लेकर वाणिज्यिक सेवाओं तक, चीन के रोबोट ब्रांड लगातार प्रदर्शनी में दिखाई दिए। साथ ही, मध्य एवं पूर्वी यूरोप की अधिक से अधिक कंपनियां इन उत्पादों को स्थानीय बाजार में उतारने को लेकर काफी उत्सुक नजर आईं।