पेइचिंग में शी चिनफिंग ने ब्रुनेई के क्राउन प्रिंस से मुलाकात की

12 मई की दोपहर को, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने देश की राजधानी पेइचिंग में स्थित जन बृहद भवन में ब्रुनेई के क्राउन प्रिंस हाजी अल-मुहतादी बिल्लाह से मुलाकात की, जो 11 से 15 मई तक चीन की आधिकारिक यात्रा पर हैं।
इस दौरान, शी चिनफिंग ने कहा कि चीन और ब्रुनेई पड़ोसी देश हैं, जो समुद्री रेशम मार्ग से घनिष्ठ रूप से जुड़े हुए हैं। चीन-ब्रुनेई सहयोग ने न केवल दोनों देशों के लोगों को ठोस लाभ पहुँचाया है, बल्कि बड़े और छोटे राष्ट्रों के बीच समान व्यवहार और पारस्परिक लाभ वाले सहयोग का एक आदर्श भी स्थापित किया है।
शी के अनुसार, पिछले वर्ष, उन्होंने ब्रुनेई के सुल्तान हाजी हसनल बोल्कियाह के साथ साझा भविष्य वाले चीन-ब्रुनेई समुदाय के निर्माण पर एक महत्वपूर्ण सहमति व्यक्त की, जिससे द्विपक्षीय संबंधों में एक नया अध्याय खुला। इस वर्ष चीन और ब्रुनेई के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 35वीं वर्षगांठ है। जटिल और अस्थिर अंतरराष्ट्रीय स्थिति का सामना करते हुए, दोनों पक्षों को साझा भविष्य वाले चीन-ब्रुनेई समुदाय के निर्माण को अपना मार्गदर्शक सिद्धांत बनाना चाहिए, रणनीतिक संचार को मजबूत करना चाहिए, व्यावहारिक सहयोग को गहरा करना चाहिए और क्षेत्रीय शांति और स्थिरता में अधिक सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना चाहिए।
शी चिनफिंग ने इस बात पर जोर दिया कि इस वर्ष चीन की "15वीं पंचवर्षीय योजना" (2026-2030) की शुरुआत हो रही है, जबकि ब्रुनेई अपने "विजन 2035" की दिशा में प्रयासरत है। दोनों पक्षों को इसे चीन-ब्रुनेई सहयोग को एक नए स्तर पर ले जाने के लिए एक साझा अवसर के रूप में लेना चाहिए। दोनों देशों को उच्च स्तरीय आपसी विश्वास वाले रणनीतिक साझेदार बनना चाहिए, आपसी लाभ और उभय जीत वाले विकास भागीदार बनना चाहिए, एक दूसरे को समझने और एक दूसरे की परवाह करने वाले सभ्य साझेदार बनना चाहिए, और वैश्विक शासन में सहयोगात्मक भागीदार बनना चाहिए।

वहीं, क्राउन प्रिंस बिल्लाह ने राष्ट्रपति शी चिनफिंग को सुल्तान हसनल की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि चीन ब्रुनेई का दीर्घकालिक मित्र है और दोनों देशों के लोगों के बीच गहरी मित्रता है। ब्रुनेई एक-चीन नीति का दृढ़तापूर्वक पालन करता है और दोनों राष्ट्राध्यक्षों द्वारा निर्धारित साझा भविष्य वाले समुदाय के निर्माण की परिकल्पना को आगे बढ़ाने, रणनीतिक सहयोग साझेदारी को गहरा करने, उच्च स्तरीय आदान-प्रदान को बनाए रखने, व्यापार और निवेश सहयोग को मजबूत करने तथा दोनों देशों के लोगों के लाभ के लिए चीन के साथ मिलकर काम करने को तत्पर है।
इसके अलावा, क्राउन प्रिंस बिल्लाह ने यह भी कहा कि विश्व शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने, बहुपक्षवाद और अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को कायम रखने में चीन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ब्रुनेई, राष्ट्रपति शी चिनफिंग द्वारा प्रस्तावित मानव जाति के साझा भविष्य वाले समुदाय के निर्माण की अवधारणा और वैश्विक शासन पहल की अत्यधिक सराहना करता है। ब्रुनेई, आसियान-चीन सहयोग को गहरा करने और क्षेत्रीय समृद्धि व स्थिरता की रक्षा के लिए चीन के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक है।