ल्हासा में आयोजित हुआ शीत्सांग का चौथा डिजिटल शिक्षा विकास सम्मेलन

(CRI)10:16:10 2026-05-11

9 मई को शीत्सांग का चौथा डिजिटल शिक्षा विकास सम्मेलन और दूसरा छात्र डिजिटल साक्षरता सुधार अभ्यास, विनिमय एवं प्रदर्शन कार्यक्रम ल्हासा में आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम का आयोजन शीत्सांग स्वायत्त प्रदेश के शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में किया गया। इसकी मेजबानी शीत्सांग स्वायत्त प्रदेश शिक्षा प्रौद्योगिकी केंद्र और शीत्सांग स्वायत्त प्रदेश इंटरनेट संघ ने संयुक्त रूप से की। कार्यक्रम में 132 टीमों और 221 छात्रों ने भाग लिया।

चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की शीत्सांग शिक्षा कार्य समिति के उप सचिव तथा शीत्सांग स्वायत्त प्रदेश शिक्षा विभाग के पार्टी सचिव और उप निदेशक यू हान ने बताया कि पिछले वर्ष शीत्सांग की डिजिटल शिक्षा ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्रालय ने शीत्सांग को राष्ट्रीय स्मार्ट शिक्षा प्लेटफॉर्म के व्यापक और गहन उपयोग के लिए पायलट प्रांत के रूप में चुना है। साथ ही, इसे मजबूत शिक्षा राष्ट्र के निर्माण के लिए व्यापक सुधार पायलट कार्यक्रम में भी शामिल किया गया है।

यू हान के अनुसार, प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के लिए राष्ट्रीय स्मार्ट शिक्षा प्लेटफॉर्म पर शिक्षक प्रमाणन दर पूरे देश में प्रथम स्थान पर रही। वहीं, प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में डिजिटल परिसरों की कवरेज दर 100 प्रतिशत तक पहुंच गई है।

उन्होंने बताया कि हुआवेई, आईफ्लाईटेक और छिंगहुआ विश्वविद्यालय के सहयोग से “एआई+शिक्षा” प्रयोगशाला स्थापित की गई है। इसका परीक्षण 39 विद्यालयों और 2 प्रांतों में किया गया।

डिजिटल शिक्षा से जुड़े शीत्सांग के अनुभवों को विश्व इंटरनेट सम्मेलन में भी प्रदर्शित किया गया। इसके अलावा, इसे “मजबूत शिक्षा क्षेत्र के निर्माण में शीर्ष दस प्रगति” में शामिल किया गया। छात्र डिजिटल साक्षरता कार्यक्रम को “राष्ट्रीय उत्कृष्ट संगठनात्मक इकाई” का सम्मान मिला, जबकि दो टीमों ने राष्ट्रीय “नवाचार सितारा” पुरस्कार प्राप्त किया।

यू हान ने कहा कि “15वीं पंचवर्षीय योजना” अवधि के दौरान शीत्सांग प्रतिभा विकास के मूल लक्ष्य पर कायम रहेगा। युवाओं को वैज्ञानिक और तकनीकी नैतिकता के प्रति जागरूक बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी एआई के व्यापक उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही, डेटा एकीकरण और प्रणालीगत समर्थन को मजबूत कर शिक्षा प्रशासन के लिए नई बिग डेटा प्रणाली विकसित की जाएगी।

इसके अलावा, शिक्षकों के प्रशिक्षण में एआई के उपयोग को बढ़ाया जाएगा तथा सरकार, उद्योग, शिक्षा और अनुसंधान संस्थानों के बीच सहयोग को और गहरा किया जाएगा। राष्ट्रीय और शीत्सांग के स्मार्ट शिक्षा प्लेटफॉर्मों के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ “एआई+शिक्षा” प्रयोगशाला को भी और मजबूत किया जाएगा, ताकि डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में शीत्सांग का एक आदर्श मॉडल विकसित किया जा सके।