अमेरिका थाईवान को उसके तथाकथित "राजनयिक संबंधों" को मजबूत करने में मदद करना बंद करे: चीनी विदेश मंत्रालय

(CRI)13:34:06 2026-04-24

रिपोर्टों के अनुसार, 22 अप्रैल को कुछ देशों द्वारा चीन के थाईवान क्षेत्र के नेता लाई छिंग-ते के उड़ान परमिट को अस्थायी रूप से रद्द किए जाने के बाद, अमेरिकी विदेश विभाग के एक प्रवक्ता ने इस पर चिंता व्यक्त की।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता क्वो च्याखुन ने 23 अप्रैल को पेइचिंग में आयोजित नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमेरिका के बयान का खंडन किया। उन्होंने अमेरिका से आग्रह किया कि वह थाईवान मुद्दे को बहाना बनाकर चीन के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करना बंद करे, थाईवान को उसके तथाकथित “राजनयिक संबंधों” को मजबूत करने में मदद देना बंद करे और “थाईवान स्वतंत्रता” से जुड़ी अलगाववादी ताकतों को गलत संकेत देना भी बंद करे।

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए क्वो च्याखुन ने दोहराया कि दुनिया में केवल एक ही चीन है, और थाईवान चीन के भूभाग का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि एक-चीन सिद्धांत अंतरराष्ट्रीय संबंधों का बुनियादी मानदंड है और इसे अंतरराष्ट्रीय समुदाय की व्यापक स्वीकृति प्राप्त है। यह लोगों की इच्छा, सामान्य प्रवृत्ति और न्यायसंगत उद्देश्य है।

उन्होंने आगे कहा कि चीन अपनी राष्ट्रीय संप्रभुता और प्रादेशिक अखंडता की रक्षा के लिए जो वैध कदम उठा रहा है, उसमें अमेरिका का हस्तक्षेप अनुचित है। साथ ही, एक-चीन सिद्धांत का पालन करने वाले देशों के न्यायसंगत कदमों पर अमेरिका द्वारा लगाए जा रहे आरोप तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करते हैं और सही-गलत की परिभाषा को उलट देते हैं। चीन ऐसे रुख का कड़ा विरोध करता है और इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगा।