छठे एशियाई बीच खेलों का सान्या में उद्घाटन

छठे एशियाई बीच खेलों का सान्या में उद्घाटन

छठे एशियाई बीच खेलों का उद्घाटन 22 अप्रैल को हाईनान प्रांत के सान्या शहर में हुआ। उद्घाटन समारोह में चीनी राज्य परिषद के सदस्य छन यीछिन ने उपस्थित होकर खेलों का आधिकारिक शुभारंभ किया।

रात्रि में सान्या एशियाई बीच खेल पार्क रोशनी से जगमगा उठा और रात 8 बजे उद्घाटन समारोह का शुभारंभ किया गया। ऊर्जावान संगीत की धुनों के साथ एशियाई ओलंपिक परिषद के सभी 45 सदस्य देशों और क्षेत्रों के खेल प्रतिनिधिमंडल क्रमशः मैदान में प्रवेश करते गए। उद्घाटन समारोह में, सान्या एशियाई बीच खेल आयोजन समिति के अध्यक्ष लियू शियाओमिंग और हाईनान प्रांत के राज्यपाल के साथ-साथ एशियाई ओलंपिक परिषद के अध्यक्ष प्रिंस फहद अल-सबा ने कार्यक्रम को संबोधित किया। रात 8 बजकर 45 मिनट पर छन यीछिन ने घोषणा करते हुए कहा, “सान्या 2026 के छठे एशियाई बीच खेल अब आधिकारिक रूप से शुरू होते हैं!” जिसके साथ ही पूरे स्टेडियम में जोरदार तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी। इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां की गई, जिनमें खेल तत्वों और स्थानीय संस्कृति का सुंदर समन्वय देखने को मिला, जो उष्णकटिबंधीय वातावरण और खेल भावना को जीवंत रूप में प्रस्तुत करता दिखाई दिया। सबकी नजरों के बीच एशियाई बीच खेलों की मशाल प्रज्वलित की गई, जहां प्रकाश और रात्रि का संगम तथा उत्साह और सपनों का सिलसिला आगे बढ़ता दिखा।

उद्घाटन समारोह से पहले छन यीछिन ने एशियाई ओलंपिक परिषद के अध्यक्ष प्रिंस फहद अल-सबा से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि चीन एशियाई ओलंपिक परिषद के साथ मित्रता को आगे बढ़ाते हुए सहयोग को मजबूत करने, एशियाई ओलंपिक आंदोलन के विकास को प्रोत्साहित करने और एशियाई खेल प्रशासन को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि एशिया के साझा भविष्य के निर्माण में अधिक योगदान दिया जा सके। प्रिंस फहद अल-सबा ने चीन के दीर्घकालिक समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह चीन के साथ मिलकर एशियाई ओलंपिक आंदोलन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के इच्छुक हैं।

सान्या एशियाई बीच खेल, हाईनान मुक्त व्यापार बंदरगाह के पूर्ण संचालन के बाद आयोजित होने वाला पहला अंतरराष्ट्रीय बहु-खेल आयोजन है। इस संस्करण में कुल 14 खेलों के अंतर्गत 62 स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें 1600 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। चीनी खेल प्रतिनिधिमंडल के 171 खिलाड़ी बीच कबड्डी को छोड़कर 13 खेलों की 60 स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे।

(चित्र शिन्हुआ समाचार एचेंसी से है)