2025 में निर्धारित आकार से ऊपर वाले चीनी हल्के उद्योग के मूल्यवर्धन में 5.3 फीसदी का इजाफा
चीनी राष्ट्रीय हल्के उद्योग परिषद से 3 फरवरी को प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 2025 में चीन में हल्के उद्योग का आर्थिक प्रदर्शन आम तौर पर स्थिर बना रहा। विशेष रूप से, निर्धारित आकार से ऊपर वाले हल्के उद्योगों के मूल्यवर्धन में साल 2024 की तुलना में 5.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
बताया गया है कि पिछले वर्ष, चीन की औद्योगिक संपत्तियों के 13 प्रतिशत के साथ, हल्के उद्योग ने देश के औद्योगिक राजस्व का 16.5 फीसदी और इसके मुनाफे का 18.8 प्रतिशत हिस्सा हासिल किया है।
आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में, इलेक्ट्रिक साइकिल, बैटरी और प्लास्टिक फर्नीचर निर्माण उद्योगों के मूल्यवर्धन में 20 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई। जबकि कृषि और सहायक खाद्य प्रसंस्करण उद्योग तथा खाद्य निर्माण उद्योग के मूल्यवर्धन में क्रमशः 5.6 प्रतिशत और 5.3 प्रतिशत का वार्षिक इजाफा हुआ। राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो द्वारा निगरानी किए जाने वाले 90 प्रमुख हल्के औद्योगिक उत्पादों में से 35 के उत्पादन में वृद्धि देखी गई। इनमें से, इलेक्ट्रिक साइकिलों के उत्पादन में साल-दर-साल 21.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई, और सौर सेल के उत्पादन में साल-दर-साल 7.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
देश में घरेलू मांग को बढ़ाने और उपभोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाई गई श्रृंखलाबद्ध नीतियों के प्रभावी होने के साथ-साथ, घरेलू उपभोग की मांग में लगातार वृद्धि हो रही है। वर्ष 2025 में, चीन में हल्के औद्योगिक उत्पादों की 11 श्रेणियों की खुदरा बिक्री 8,671.9 अरब युआन तक पहुंच गई, जो वर्ष 2024 की तुलना में 7.8 प्रतिशत अधिक थी। इनमें घरेलू उपकरणों और ऑडियो-विजुअल उपकरणों की खुदरा बिक्री में साल-दर-साल 11 प्रतिशत की वृद्धि हुई, फर्नीचर की खुदरा बिक्री में साल-दर-साल 14.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई, और सांस्कृतिक व कार्यालय आपूर्ति की खुदरा बिक्री में साल-दर-साल 17.3 प्रतिशत का इजाफा हुआ।