चीन ने कनाडा में युआन मूल्यवर्गित सॉवरेन ग्रीन बॉन्ड जारी किए

चीन के वित्त मंत्रालय ने 9 नवंबर को केंद्र सरकार की ओर से कनाडा में 4 अरब युआन के सॉवरेन ग्रीन बॉन्ड सफलतापूर्वक जारी किए। इनमें 3 वर्ष की अवधि वाले 2 अरब युआन के बॉन्ड पर ब्याज दर 1.4 प्रतिशत, जबकि 5 वर्ष की अवधि वाले 2 अरब युआन के बॉन्ड पर ब्याज दर 1.5 प्रतिशत रही।

इन बॉन्ड को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली। निवेशकों ने कुल 54.04 अरब युआन के बॉन्ड खरीदने की मांग की, जो जारी की गई कुल राशि का 13.5 गुना है।

यह पहली बार है जब चीन के वित्त मंत्रालय ने कनाडा में युआन मूल्यवर्गित सॉवरेन ग्रीन बॉन्ड जारी किए हैं। यह चीन-कनाडा के दूसरे आर्थिक एवं वित्तीय रणनीतिक संवाद के महत्वपूर्ण कदमों में से एक है। इससे दोनों देशों के बीच हरित विकास तथा आर्थिक एवं वित्तीय क्षेत्रों में आदान-प्रदान और सहयोग को गहरा करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

इस बार जारी किए गए युआन मूल्यवर्गित सॉवरेन ग्रीन बॉन्ड में विभिन्न प्रकार के निवेशकों ने हिस्सा लिया और उनकी भौगोलिक भागीदारी भी व्यापक रही। कुल निवेश में एशिया-प्रशांत क्षेत्र के निवेशकों की हिस्सेदारी 77 प्रतिशत रही, जबकि अन्य क्षेत्रों के निवेशकों की हिस्सेदारी 23 प्रतिशत थी। इनमें अमेरिका महाद्वीप के निवेशकों की हिस्सेदारी 15 प्रतिशत और यूरोप के निवेशकों की 8 प्रतिशत रही। निवेशकों की श्रेणियों में संप्रभु एवं अति-संप्रभु संस्थाओं की हिस्सेदारी 32 प्रतिशत, बैंकों की 45 प्रतिशत, फंड एवं परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनियों तथा बीमा कंपनियों की 22 प्रतिशत और डीलरों की 1 प्रतिशत रही। वहीं, हरित एवं सतत विकास से जुड़े निवेशकों की हिस्सेदारी 41 प्रतिशत रही। ये बॉन्ड हांगकांग स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध किए जाएंगे।