चीन के चिंगहोंग में शुरू हुआ 14वां लानकांग-मेकांग नदी बेसिन देश संस्कृति एवं कला महोत्सव
14वां लानकांग-मेकांग नदी बेसिन देश संस्कृति एवं कला महोत्सव 28 अक्टूबर को चीन के युन्नान प्रांत के शीशुआंगपन्ना ताई जातीय स्वायत्त प्रीफ़ेक्चर के चिंगहोंग शहर में शुरू हुआ। इस मौक़े पर बेसिन क्षेत्र के चीनी और विदेशी कलाकार एक मंच पर जुटे। उन्होंने संस्कृति और कला के ज़रिए दोस्ती को आगे बढ़ाने और आपसी आदान-प्रदान को बढ़ावा देने पर विचार-विमर्श किया।
उसी शाम चिंगहोंग के मानथिंग शाही उद्यान थिएटर में गीत और नृत्य की धूम रही। "एक ही नदी का जल पीना, एक ही परिवार के सदस्य होना" विषय पर आयोजित उद्घाटन सांस्कृतिक कार्यक्रम में बेसिन के अलग-अलग देशों की ख़ास प्रस्तुतियां एक के बाद एक पेश की गईं। इससे दर्शकों को कई संस्कृतियों के मेल से सजी एक भव्य कला प्रस्तुति देखने को मिली। कार्यक्रम के अंत में चीनी और विदेशी कलाकारों ने मिलकर गीत-नृत्य "एक साथ उड़ान" प्रस्तुत किया। इसके ज़रिए लानकांग-मेकांग के छह देशों के लोगों की साथ मिलकर आगे बढ़ने और बेहतर भविष्य गढ़ने की इच्छा ज़ाहिर की गई।
इसके अलावा, महोत्सव के दौरान कई और गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इनमें "एक महान नदी" शीशुआंगपन्ना अंतरराष्ट्रीय फ़ोटो प्रदर्शनी और "लानकांग-मेकांग उत्कृष्ट उत्पाद कार्निवाल" शामिल हैं। उम्मीद है कि इनसे बेसिन के देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सांस्कृतिक पर्यटन में सहयोग को और बढ़ावा मिलेगा।
गौरतलब है कि इस महोत्सव की शुरुआत 1992 में हुई थी, जब इसे "लानकांग-मेकांग नदी बेसिन के छह देशों के सीमावर्ती क्षेत्र संस्कृति एवं कला महोत्सव" के नाम से स्थापित किया गया था। वर्ष 2011 में इसका नाम बदलकर औपचारिक रूप से मौजूदा नाम कर दिया गया। 30 से ज़्यादा वर्षों के सफ़र में यह महोत्सव धीरे-धीरे बेसिन के देशों के लिए अपनी बहुरंगी संस्कृति दिखाने, सभ्यताओं के आदान-प्रदान और जन-जन की दोस्ती को बढ़ावा देने का एक अहम मंच बन गया है।
