ली छ्यांग ने चीन-डीपीआरके नए यालू नदी पुल के उद्घाटन समारोह को वीडियो संबोधित किया

चीनी प्रधानमंत्री ली छ्यांग ने गुरुवार को चीन और डीपीआरके के बीच यालू नदी पर बने नए पुल के उद्घाटन समारोह को वीडियो के जरिए संबोधन किया।
ली छ्यांग ने कहा कि दोनों देशों को इस अवसर का लाभ उठाते हुए सीमा शुल्क की प्रक्रिया को और आसान बनाना चाहिए। इसके साथ ही, आपसी संपर्क बढ़ाने, सीमावर्ती क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं का पूरा लाभ उठाने और दोनों देशों की जनता के जीवन को बेहतर बनाने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि चीन और डीपीआरके पहाड़ों और नदियों से जुड़े समाजवादी पड़ोसी देश हैं, जिनके बीच पारंपरिक मैत्री रही है। दोनों देशों के शीर्ष नेताओं के रणनीतिक मार्गदर्शन में द्विपक्षीय संबंध अब एक नए चरण में प्रवेश कर रहे हैं। शी चिनफिंग ने कहा है कि अंतर्राष्ट्रीय परिस्थितियां चाहे कितनी भी बदल जाएं, चीन की कम्युनिस्ट पार्टी और सरकार चीन-डीपीआरके की पारंपरिक मैत्री को महत्व देने की अपनी नीति पर कायम रहेंगी। इसी तरह, किम जोंग-उन के नेतृत्व में डीपीआरके के समाजवादी विकास को समर्थन देने और दोनों देशों के साझा हितों की रक्षा करने का चीन का संकल्प भी नहीं बदलेगा।
ली छ्यांग ने कहा कि चीन, डीपीआरके के साथ मिलकर दोनों देशों के शीर्ष नेताओं के बीच बनी महत्वपूर्ण सहमतियों को लागू करना जारी रखेगा। इसके तहत रणनीतिक संवाद और राजनीतिक विश्वास मजबूत करने, व्यावहारिक सहयोग बढ़ाने और बहुपक्षीय मंचों पर आपसी तालमेल को और गहरा करने पर जोर दिया जाएगा। इसका उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना और दोनों देशों की जनता को अधिक लाभ पहुंचाना है।
इस समारोह में डीपीआरके के कैबिनेट प्रधानमंत्री पाक थे-सोंग ने भी वीडियो के जरिए संबोधन दिया।
गौरतलब है कि चीन और डीपीआरके के बीच बना नया यालू नदी पुल पूर्वोत्तर चीन के लियाओनिंग प्रांत को डीपीआरके के उत्तरी प्योंगान प्रांत से जोड़ता है। यह पुल दोनों देशों के बीच संपर्क और परिवहन को मजबूत करने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग है।