वांग यी ने आसियान के महासचिव काओ किम होंग से मुलाकात की

(CRI)13:48:58 2026-09-16

15 सितंबर को, सीपीसी केंद्रीय समिति के पोलित ब्यूरो के सदस्य और चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने चीन की राजधानी पेइचिंग में आसियान के महासचिव काओ किम होंग से मुलाकात की।

वांग यी ने कहा कि चीन और आसियान अच्छे पड़ोसी हैं जो अक्सर एक-दूसरे से मिलने जाते हैं, और अच्छे दोस्त और साझेदार भी हैं जो एक-दूसरे पर भरोसा करते हैं और एक-दूसरे का समर्थन करते हैं। चीन आसियान को बहुत महत्व देता है और अपनी पड़ोसी कूटनीति में आसियान को प्राथमिकता देता है। इस वर्ष चीन और आसियान के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी की स्थापना की 5वीं वर्षगांठ और संवाद संबंधों की स्थापना की 35वीं वर्षगांठ है, जो द्विपक्षीय संबंधों के विकास के लिए नए अवसर प्रस्तुत करती है।

वांग यी ने कहा कि दक्षिण चीन सागर में शांति और स्थिरता बनाए रखना इस क्षेत्र के देशों के साझा हित में है। चीन, दक्षिण चीन सागर से जुड़े पक्षों के आचरण संबंधी घोषणा को लागू करने, दक्षिण चीन सागर में आचार संहिता पर परामर्श प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और दक्षिण चीन सागर में शांति, स्थिरता, सहयोग और मित्रता की नई कहानी को संयुक्त रूप से गढ़ने के लिए आसियान देशों के साथ काम करने को तैयार है।

काओ किम होंग ने कहा कि चीन न केवल आसियान का एक अच्छा पड़ोसी है, बल्कि आसियान का एक भरोसेमंद और विश्वसनीय भागीदार भी है। दोनों पक्षों के नेताओं के रणनीतिक मार्गदर्शन में, आसियान-चीन संबंधों ने सब से व्यापक सहयोग क्षेत्रों, सबसे व्यावहारिक परिणामों और क्षेत्र के लोगों को सबसे अधिक लाभ के साथ बड़ी प्रगति की है। आसियान चीन के साथ अवसरों को साझा करने और चुनौतियों का सामना करने, विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक सहयोग को गहरा और विस्तारित करने और आसियान-चीन संबंधों को एक नए स्तर पर ले जाने के लिए तैयार है। दक्षिण चीन सागर का मुद्दा आसियान-चीन संबंधों में बाधा नहीं बनना चाहिए। आसियान दक्षिण चीन सागर में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए चीन के साथ मिलकर काम करने को तैयार है।