चंद्र मिट्टी नमूने का दान: बाह्य अंतरिक्ष के वैश्विक शासन में सुधार लाने में चीन की जिम्मेदारी प्रदर्शित

रिपोर्ट के अनुसार, 14 सितंबर को चीन के राष्ट्रीय अंतरिक्ष प्रशासन, वियना स्थित संयुक्त राष्ट्र में चीन के स्थायी प्रतिनिधिमंडल और संयुक्त राष्ट्र बाह्य अंतरिक्ष मामलों के कार्यालय ने वियना स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में एक हस्तांतरण समारोह आयोजित किया। इस दौरान चीन ने आधिकारिक तौर पर अपने "छांग-अ' 6" चंद्रयान द्वारा चंद्रमा के पिछले हिस्से से एकत्र किए गए मिट्टी के नमूनों की पहली खेप संयुक्त राष्ट्र को दान की।
इस मौके पर 15 सितंबर को पेइचिंग में चीनी विदेश मंत्रालय की नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रवक्ता क्वो च्याखुन ने कहा कि चीन का यह कदम बाह्य अंतरिक्ष के शांतिपूर्ण उपयोग और उसके वैश्विक शासन में सुधार के प्रति एक प्रमुख शक्ति के रूप में चीन की जिम्मेदारी को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि चीन द्वारा चंद्र मिट्टी के नमूनों को संयुक्त राष्ट्र को दान करना राष्ट्रपति शी चिनफिंग द्वारा प्रस्तावित चार वैश्विक पहलों के प्रति चीन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साथ ही, यह संयुक्त राष्ट्र और बहुपक्षवाद के लिए चीन के दृढ़ समर्थन को भी प्रतिबिंबित करता है।
क्वो च्याखुन ने कहा कि चीन सभी देशों के साथ मिलकर "बाह्य अंतरिक्ष संधि" पर आधारित अंतरराष्ट्रीय कानून को बनाए रखना चाहता है और शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए बाह्य अंतरिक्ष की खोज और उपयोग के मूल सिद्धांत का पालन करना चाहता है। इसके साथ ही, चीन बाह्य अंतरिक्ष के शस्त्रीकरण और उसे युद्धक्षेत्र में बदलने का दृढ़ता से विरोध करता है।
प्रवक्ता ने कहा कि चीन को उम्मीद है कि सभी देश मिलकर अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी की उपलब्धियों को आगे बढ़ाएंगे, ताकि पूरी मानवता को उनका बेहतर लाभ मिल सके। चीन चाहता है कि बाह्य अंतरिक्ष मानव सहयोग और साझा लाभ का मंच बने।