दुनिया की सबसे बड़ी व्यास वाली हाई-स्पीड रेलवे शील्ड मशीन ने दूसरी बार खुदाई शुरू की


9 सितंबर को चाइना रेलवे टनल ब्यूरो की परिवहन मशीनरी छोंगथाई यांग्त्जी नदी सुरंग के निर्माण स्थल पर तैयार बॉक्स कलवर्ट पहुंचाती हुई।

चीन रेलवे शांगहाई ब्यूरो ग्रुप कंपनी लिमिटेड से मिली जानकारी के अनुसार, इससे पहले यांग्त्जी नदी को सफलतापूर्वक पार कर चुकी दुनिया की सबसे बड़े व्यास वाली हाई-स्पीड रेलवे सुरंग खोदने वाली मशीन “लिंगहांग” ने 41 दिनों तक गहन रखरखाव के बाद 9 सितंबर को छोंगथाई यांग्त्जी नदी सुरंग की नंबर-2 ऊर्ध्वाधर शाफ्ट से दूसरी बार खुदाई शुरू की। इसके साथ ही मशीन ने जमीनी हिस्से में सुरंग की खुदाई का काम शुरू कर दिया है।


9 सितंबर को सुरंग के सेगमेंट की स्वचालित लिफ्टिंग और परिवहन रोबोट सुरंग के सेगमेंट उठाने का काम करते हुए।

छोंगथाई यांग्त्जी नदी सुरंग राष्ट्रीय “दो प्रमुख” परियोजनाओं में शामिल शांगहाई-छोंगछिंग-छंगतू हाई-स्पीड रेलवे के शांगहाई-नानचिंग खंड की एक महत्वपूर्ण परियोजना है। यह शांगहाई के छोंगमिंग द्वीप को च्यांगसू प्रांत के थाइछांग से जोड़ती है। सुरंग की कुल लंबाई 14.25 किलोमीटर है, जिसमें 13.2 किलोमीटर लंबा हिस्सा सुरंग खोदने वाली मशीन से बनाया जा रहा है और इसकी डिजाइन गति 350 किलोमीटर प्रति घंटा है। यह सुरंग यांग्त्जी नदी के तल से 89 मीटर नीचे तक जाती है और नदी के नीचे बनी यांग्त्जी की सबसे गहरी सुरंग है।

सुरंग के मशीन से बनाए जाने वाले हिस्से में कुल तीन ऊर्ध्वाधर शाफ्ट हैं। इनमें शांगहाई के छोंगमिंग स्थित नंबर-3 शाफ्ट से च्यांगसू के थाइछांग स्थित नंबर-2 शाफ्ट तक का 11.325 किलोमीटर लंबा हिस्सा यांग्त्जी नदी के जलक्षेत्र में है, जिसका निर्माण इस वर्ष 30 जुलाई को पूरा हो गया था। च्यांगसू के थाइछांग स्थित नंबर-2 शाफ्ट पर “लिंगहांग” मशीन को बाहर निकालकर उसका व्यापक रखरखाव पूरा किए जाने के बाद अब उसने आधिकारिक रूप से नंबर-2 शाफ्ट से नंबर-1 शाफ्ट तक के 1.875 किलोमीटर लंबे जमीनी हिस्से में सुरंग की खुदाई शुरू कर दी है।