चीन में गेहूं की खरीद 9 करोड़ टन के पार

चित्र VCG से है।
चीन में ग्रीष्मकालीन अनाज की खरीद का चरम दौर चल रहा है। चीन के राष्ट्रीय खाद्य एवं रणनीतिक भंडार प्रशासन द्वारा जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, देशभर में विभिन्न अनाज कारोबारियों ने कुल मिलाकर 9 करोड़ टन से अधिक गेहूं खरीदा है। दक्षिणी क्षेत्रों में जल्दी पकने वाले इंडिका धान की भी बड़े पैमाने पर बाजार में आवक शुरू हो गई है। विभिन्न क्षेत्रों में अनाज की खरीद व्यवस्थित रूप से जारी है और कुल मिलाकर खरीद की प्रगति सुचारु है।
राष्ट्रीय खाद्य एवं रणनीतिक भंडार प्रशासन के एक संबंधित अधिकारी ने बताया कि अनाज किसानों के हितों की रक्षा के लिए अगस्त से संबंधित सरकारी विभागों ने क्रमशः च्यांगशी और हुनान में जल्दी पकने वाले इंडिका धान के न्यूनतम खरीद मूल्य की नीति लागू करने की व्यवस्था शुरू की है। वहीं, हेनान और अनहुई में गेहूं के न्यूनतम खरीद मूल्य की नीति लागू की गई है। इन नीतियों के जरिए बाजार को समर्थन देने और बाजार की अपेक्षाओं को स्थिर रखने में मदद मिल रही है।
आगे राष्ट्रीय खाद्य एवं रणनीतिक भंडार प्रशासन बाजार आधारित खरीद और नीतिगत भंडारण को साथ-साथ आगे बढ़ाएगा। बारिश जैसी मौसम संबंधी स्थितियों पर लगातार नजर रखते हुए संबंधित प्रांतों को अनाज सुखाने और भंडारण की व्यवस्था मजबूत करने तथा खरीद की प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया जाएगा, ताकि किसानों को फसल कटाई के बाद होने वाले अनाज के नुकसान को कम करने में मदद मिले। साथ ही, अनाज के उत्पादन और बिक्री के बीच सहयोग तथा किसानों और कृषि उद्यमों के बीच संपर्क को और मजबूत किया जाएगा, ताकि किसानों के लिए अनाज बेचना सुगम हो और बाजार का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके।