हफ़ु–चानच्यांग हाई-स्पीड रेलवे की पहली पुल परियोजना का मुख्य निर्माण कार्य पूरा


हफ़ु–चानच्यांग हाई-स्पीड रेलवे के नानखांग पूर्वी नहर के विशाल पुल पर आखिरी बॉक्स गर्डर की स्थापना पूरी हुई।

20 अगस्त को, आखिरी प्री-स्ट्रेस्ड कंक्रीट बॉक्स गर्डर को निर्धारित स्थान पर सफलतापूर्वक स्थापित किए जाने के साथ, नवनिर्मित हफ़ु–चानच्यांग हाई-स्पीड रेलवे के क्वांगशी खंड में नानखांग पूर्वी नहर के विशाल पुल पर बॉक्स गर्डर स्थापित करने का काम पूरा हो गया। इसके साथ ही हफ़ु–चानच्यांग हाई-स्पीड रेलवे की पूरी लाइन के पहले पुल का मुख्य निर्माण कार्य भी सफलतापूर्वक पूरा हो गया है, जिससे परियोजना के निर्माण में नई प्रगति दर्ज हुई है।

नानखांग पूर्वी नहर का विशाल पुल क्वांगशी के पेइहाई शहर के थिएशानकांग जिले में स्थित है। पुल की कुल लंबाई लगभग 1,270 मीटर है। इसके निर्माण में 295 पाइल फाउंडेशन, 35 पिलर और 36 प्री-स्ट्रेस्ड कंक्रीट बॉक्स गर्डर लगाए जाने हैं। प्रत्येक बॉक्स गर्डर 32.6 मीटर लंबा और 760 टन वजनी है। इन्हें उच्च प्रदर्शन वाले कंक्रीट से एक ही बार में ढाला गया है, जो तटीय क्षेत्रों में अधिक नमक और नमी वाले प्राकृतिक वातावरण के अनुकूल है तथा भविष्य में हाई-स्पीड रेल के सुरक्षित और स्थिर संचालन को सुनिश्चित करेगा। साथ ही, बॉक्स गर्डर स्थापित करने की पूरी प्रक्रिया पर सटीक निगरानी के लिए चीन में विकसित उन्नत स्मार्ट ब्रिज-निर्माण मशीन का इस्तेमाल किया गया, जिससे प्रत्येक बॉक्स गर्डर को एक ही प्रयास में सही जगह स्थापित करना सुनिश्चित हुआ।

हफ़ु–चानच्यांग हाई-स्पीड रेलवे की मुख्य लाइन की कुल लंबाई लगभग 139 किलोमीटर है और इसकी डिजाइन गति 350 किलोमीटर प्रति घंटा है। यह चीन के “आठ ऊर्ध्वाधर और आठ क्षैतिज” हाई-स्पीड रेलवे नेटवर्क के बाओथोउ (यिनछुआन)–हाईखौउ गलियारे और तटीय गलियारे का महत्वपूर्ण हिस्सा है। परियोजना के 2028 में यातायात के लिए खुलने की उम्मीद है। इसके बाद क्वांगशी के तटीय क्षेत्रों में रेलवे परिवहन क्षमता और बढ़ेगी। साथ ही, यह क्षेत्रीय रेलवे नेटवर्क के बेहतर विन्यास, पेइहाई खाड़ी शहरी समूह के विकास और क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।