शांगहाई में पहली बार “संस्कृति, व्यापार, पर्यटन, खेल और प्रदर्शनी को जोड़ने वाला माइक्रो हब” लॉन्च

19 अगस्त को, हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर को एकीकृत करने तथा ऑनलाइन और ऑफलाइन सेवाओं को जोड़ने वाला “हू श्याओयू” (शांगहाई यात्रा) सेवा केंद्र पहली बार शुरू किया गया। शांगहाई इस तकनीक-सक्षम “संस्कृति, व्यापार, पर्यटन, खेल और प्रदर्शनी को जोड़ने वाले माइक्रो हब” के माध्यम से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सेवाएं देने के साथ-साथ इन क्षेत्रों में उपभोग की संभावनाओं को भी बढ़ावा देगा।

“हू श्याओयू” इंटरैक्टिव स्क्रीन एक “स्मार्ट ब्रेन” यानी उन्नत “हू श्याओयू” स्मार्ट एजेंट पर आधारित है। यह सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों, विभिन्न पर्यटन स्थलों, त्योहारों, प्रतियोगिताओं और प्रदर्शनियों जैसे विभिन्न संसाधनों और सेवाओं को एक जगह जोड़ता है। इसके जरिए एआई सवाल-जवाब, स्थान संबंधी सेवाएं, बहुभाषी संवाद और व्यक्तिगत यात्रा मार्ग की सिफारिश जैसी सुविधाएं मिलती हैं। वहीं, Meet China स्मार्ट टर्मिनल मुख्य रूप से चीन आने वाले विदेशी पर्यटकों के लिए है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी तकनीकों की मदद से पर्यटक इस टर्मिनल के जरिए प्रदर्शनियों और पर्यटन स्थलों के टिकट, सांस्कृतिक-पर्यटन गतिविधियों, ट्रैवल एजेंसी के उत्पादों और सांस्कृतिक एवं रचनात्मक वस्तुओं की जानकारी लेने, बुकिंग करने और भुगतान करने जैसी सुविधाओं का सीधे उपयोग कर सकते हैं।

अब तक, इस तरह के “माइक्रो हब” ने शांगहाई में संस्कृति, व्यापार, पर्यटन, खेल और प्रदर्शनी से जुड़े 36 प्रमुख वर्गों और 117 उप-वर्गों के 84,000 से अधिक संसाधनों को एक जगह जोड़ा है। यहां टिकट और खरीदारी के लिए 14,000 लिंक उपलब्ध हैं। इसके अलावा, 20,000 से अधिक रेस्तरां, 7,500 से अधिक होटल और होमस्टे तथा अन्य सेवाओं को भी इसमें शामिल किया गया है। यह बहुभाषी एक साथ अनुवाद और एआई से यात्रा-वृत्तांत तैयार करने जैसी स्मार्ट सेवाएं भी उपलब्ध कराता है। साथ ही, 10 भाषाओं में सेवाएं और 120 से अधिक मुद्राओं में भुगतान की सुविधा मिलती है।