चीन के ग्रीष्मकालीन फिल्म सीजन की बॉक्स ऑफिस कमाई 10 अरब युआन के पार

चीनी फिल्म“वंस अपॉन अ टाइम इन द मिडिल ईस्ट”। (VCG)
चीन के फिल्म डेटा प्लेटफॉर्म “तंगथा प्रोफेशनल” के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 16 अगस्त को शाम 4 बजकर 59 मिनट तक, इस वर्ष के ग्रीष्मकालीन फिल्म सीजन (1 जून से 31 अगस्त) की कुल बॉक्स ऑफिस कमाई (प्री-सेल सहित) 10 अरब युआन के पार पहुंच गई। इस फिल्म सीजन की बॉक्स ऑफिस पर शीर्ष पांच फिल्मों में “कुंग फू फीमेल सॉकर”, “ऑल विशेज़ कम ट्रू”, “स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे”, “वंस अपॉन अ टाइम इन द मिडिल ईस्ट” और “डियर यू” शामिल हैं। कुल मिलाकर, इस वर्ष का ग्रीष्मकालीन फिल्म सीजन सुचारु रूप से चल रहा है। 16 अगस्त तक, कुल बॉक्स ऑफिस कमाई पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 3.2 प्रतिशत बढ़ी है। दर्शकों की संख्या 27.4 करोड़ तक पहुंच गई है, जो साल-दर-साल 5.7 प्रतिशत की वृद्धि है। वहीं, औसत टिकट कीमत 36.5 युआन रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में 2.4 प्रतिशत कम है। इससे पता चलता है कि कम कीमत के माध्यम से दर्शकों की संख्या बढ़ाने की रणनीति के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
इस वर्ष के ग्रीष्मकालीन फिल्म सीजन में दर्शक संरचना में लगातार सुधार हुआ है और मौजूदा तथा नए दर्शक बाजारों का एक साथ विस्तार हुआ है। आंकड़ों से पता चलता है कि परिपक्व आयु वर्ग के दर्शक अब बॉक्स ऑफिस वृद्धि की एक महत्वपूर्ण शक्ति बन रहे हैं। 40 वर्ष और उससे अधिक आयु के दर्शकों की हिस्सेदारी 25.9 प्रतिशत रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3.2 प्रतिशत अंक अधिक है और ऐतिहासिक रूप से सबसे उच्च स्तर पर पहुंच गई है। वहीं, 30 से 34 वर्ष आयु वर्ग के दर्शकों की हिस्सेदारी 21.5 प्रतिशत रही और इसमें भी लगातार वृद्धि का रुझान बना हुआ है। यह बदलाव दर्शाता है कि फिल्मों के विषयों में विविधता बढ़ रही है, जिससे उम्रदराज दर्शकों की फिल्म देखने की जरूरतों को प्रभावी रूप से पूरा किया जा रहा है।
क्षेत्रीय बाजारों में भी कई सकारात्मक पहलू देखने को मिले। प्रथम श्रेणी के शहरों की बॉक्स ऑफिस हिस्सेदारी बढ़कर 19.1 प्रतिशत हो गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 0.2 प्रतिशत अंक अधिक है। इनमें शेनचेन और क्वांगचोउ की बॉक्स ऑफिस आय में क्रमशः 16.3 प्रतिशत और 12.5 प्रतिशत की साल-दर-साल वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, छंगतू और छोंगछिंग जैसे शहरों ने भी शानदार प्रदर्शन किया, जहां बॉक्स ऑफिस आय में क्रमशः 15.0 प्रतिशत और 12.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसी बीच, छोटे शहरों और निचले स्तर के बाजारों की संभावनाएं तेजी से सामने आ रही हैं। त्च्चुनयी, कूइयांग और उरुमची जैसे शहरों में बॉक्स ऑफिस आय की साल-दर-साल वृद्धि दर 20 प्रतिशत से अधिक रही, जो दर्शाता है कि बहुस्तरीय और व्यापक कवरेज वाला फिल्म बाजार ढांचा धीरे-धीरे आकार ले रहा है।
इस वर्ष के समर फिल्म सीजन में चीनी फिल्मों ने गुणवत्ता सुधार के साथ बाजार में बढ़त बनाए रखी। विभिन्न प्रकार की फिल्मों ने दर्शकों की रुचि बढ़ाई और उपभोग को नई ऊर्जा दी। “तंगथा प्रोफेशनल” के डेटा विश्लेषक छन चिन के अनुसार, इस सीजन में चीनी फिल्मों ने मजबूत बाजार आकर्षण दिखाया। बॉक्स ऑफिस की शीर्ष पांच फिल्मों में चार चीनी फिल्में शामिल हैं। इनमें “वंस अपॉन अ टाइम इन द मिडिल ईस्ट” रिलीज के सिर्फ छह दिनों में 80 करोड़ युआन से अधिक की कमाई कर चुकी है।