16वां चीन अंतरराष्ट्रीय डिजिटल प्रकाशन एक्सपो 27 अगस्त से शुरू होगा


15वां चीन अंतरराष्ट्रीय डिजिटल प्रकाशन एक्सपो

16वें चीन अंतरराष्ट्रीय डिजिटल प्रकाशन एक्सपो की आयोजन समिति ने 10 अगस्त को जानकारी दी कि “डिजिटल नवाचार से भविष्य का निर्माण, बुद्धिमत्ता से नई यात्रा का शुभारंभ” विषय पर आधारित यह एक्सपो 27 से 29 अगस्त तक शानतोंग प्रांत के चिनान शहर में आयोजित किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष एक्सपो में 500 से अधिक संस्थानों के भाग लेने की संभावना है। चीन के 20 प्रांतों, स्वायत्त क्षेत्रों और नगरपालिकाओं के प्रतिनिधिमंडल इसमें शामिल होंगे, जबकि 30 से अधिक देशों और क्षेत्रों के विदेशी प्रदर्शक भी भाग लेंगे। प्रदर्शनी में सात विशेष प्रदर्शनी क्षेत्र बनाए जाएंगे। इनमें पहली बार चीनी उत्कृष्ट पारंपरिक संस्कृति और ऑनलाइन गेम पर केंद्रित विशेष प्रदर्शनी क्षेत्र स्थापित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य पारंपरिक संस्कृति के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाले ऑनलाइन खेलों के विकास के अनुभवों का प्रदर्शन और आदान-प्रदान करना है। एक्सपो के दौरान एक मुख्य मंच, छह विषयगत मंच और 80 से अधिक सहायक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें भाग लेने वाले विशेषज्ञ और प्रतिनिधि डिजिटल प्रकाशन, मानव–मशीन सहयोग, अंतर्विषयक विकास तथा वैश्विक शैक्षणिक संचार जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे और व्यावहारिक अनुभवों तथा कार्यान्वयन योग्य उपायों का आदान-प्रदान करेंगे।

16वें चीन अंतरराष्ट्रीय डिजिटल प्रकाशन एक्सपो का संयुक्त आयोजन चाइना एकेडमी ऑफ प्रेस एंड पब्लिकेशन और चाइना पब्लिशिंग एसोसिएशन द्वारा किया जा रहा है। वर्ष 2005 में शुरू किया गया यह एक्सपो चीन का डिजिटल प्रकाशन उद्योग को बढ़ावा देने पर केंद्रित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रमुख आयोजन है।