छिंगहाई से पहली बार लाओस के लिए अंतरराष्ट्रीय मालगाड़ी सेवा शुरू, यूरिया का स्व-संचालित निर्यात साकार

11 अगस्त को 1,150 टन यूरिया लेकर चीन-लाओस रेलवे की अंतरराष्ट्रीय मालगाड़ी छिंगहाई- शीत्सांग रेलवे के शीनिंग श्वांगचाई लॉजिस्टिक्स केंद्र से लाओस की राजधानी वियनतियाने के लिए रवाना हुई। यह छिंगहाई से सीधे लाओस के वियनतियाने तक जाने वाली पहली अंतरराष्ट्रीय मालगाड़ी है। इसके साथ ही, छिंगहाई में उत्पादित यूरिया का पहली बार स्व-संचालित निर्यात साकार हुआ है, जो आसियान देशों के लिए छिंगहाई के अंतरराष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स चैनल के निर्माण में एक नई सफलता का प्रतीक है।

इस मालगाड़ी में कंटेनर आधारित सीधे परिवहन मॉडल को अपनाया गया है, जिससे लॉजिस्टिक्स लागत को प्रभावी रूप से कम करने और परिवहन दक्षता बढ़ाने में मदद मिलेगी। इससे छिंगहाई के साल्ट लेक रासायनिक उद्योग उत्पादों के आसियान बाजार में विस्तार को मजबूत समर्थन मिलेगा। इस वर्ष की शुरुआत से, छिंगहाई प्रांतीय वाणिज्य विभाग और चीन रेलवे छिंगहाई– शीत्सांग समूह कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय मालगाड़ी सेवाओं के नियमित संचालन तंत्र को बेहतर बनाया है तथा परिवहन व्यवस्था की समग्र सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समन्वित प्रयास किए हैं। पहली छमाही में, छिंगहाई प्रांत से कुल 97 अंतरराष्ट्रीय मालगाड़ियां संचालित की गईं। इस दौरान शीनिंग से वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी और तुर्कमेनिस्तान के बाल्कन मार्गों के लिए नई अंतरराष्ट्रीय मालगाड़ी सेवाएं शुरू की गईं। बता दें कि यह मालगाड़ी सेवा भी इस वर्ष छिंगहाई से शुरू की गई तीसरी नई अंतरराष्ट्रीय माल परिवहन लाइन है।

भविष्य में, छिंगहाई अपने पारंपरिक प्रमुख निर्यात उत्पादों को मजबूत करने के साथ-साथ पुरानी कारों और तांबे की छड़ों जैसे नए निर्यात क्षेत्रों के विकास को भी बढ़ावा देगा। इसके अलावा, प्रांत निर्यात उत्पादों की संरचना को लगातार अनुकूलित करने, “छिंगहाई के उत्पादों को दुनिया तक पहुंचाने” के मार्ग को और सुगम बनाने तथा खुलेपन वाली अर्थव्यवस्था के उच्च गुणवत्ता वाले विकास को आगे बढ़ाने पर जोर देगा।