जुलाई के अंत में चीन का विदेशी मुद्रा भंडार 34 खरब डॉलर के पार
चीनी विदेशी मुद्रा प्रशासन ने 7 अगस्त को जारी आंकड़ों में बताया कि जुलाई 2026 के अंत तक चीन का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 34 खरब 18 अरब 80 करोड़ अमेरिकी डॉलर पहुंच गया। यह जून के अंत की तुलना में 2.5 अरब डॉलर यानी 0.07 प्रतिशत अधिक है।
चीनी विदेशी मुद्रा प्रशासन के एक अधिकारी ने कहा कि जुलाई 2026 में वैश्विक व्यापक आर्थिक परिस्थितियों और प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं की मौद्रिक नीतियों का असर देखने को मिला। इस दौरान डॉलर सूचकांक में गिरावट दर्ज की गई, जबकि प्रमुख वैश्विक वित्तीय परिसंपत्तियों की कीमतों में मिला जुला रुख रहा। उन्होंने कहा कि मुद्रा रूपांतरण और परिसंपत्तियों के मूल्य में बदलाव जैसे कई कारकों के संयुक्त प्रभाव से जुलाई में विदेशी मुद्रा भंडार में बढ़ोतरी हुई।
अधिकारी ने आगे कहा कि चीनी अर्थव्यवस्था नई गति और बेहतर संरचना की दिशा में आगे बढ़ रही है। इससे अर्थव्यवस्था का मजबूत लचीलापन और जीवंतता साफ दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि देश के विदेशी मुद्रा भंडार का आकार आगे भी मूल रूप से स्थिर बने रहने की संभावना है।