चीन के रोबोट वैश्विक स्तर की विविध जरूरतों के अनुरूप विकसित


पुतु रोबोटिक्स।(VCG)

2016 में स्थापित पुतु रोबोटिक्स ने वैश्विक वाणिज्यिक सेवा रोबोट बाजार में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। अब तक कंपनी 1.3 लाख से अधिक रोबोटों की आपूर्ति कर चुकी है और 50 हजार से अधिक अंतिम ग्राहकों को सेवाएं प्रदान कर रही है। इस वर्ष की शुरुआत से ही कंपनी का निर्यात पिछले पूरे वर्ष के स्तर को पार कर चुका है। इसके उत्पाद 85 देशों और क्षेत्रों में निर्यात किए जा रहे हैं। इनमें कंपनी के सफाई रोबोटों के निर्यात में लगातार कई वर्षों से 100 प्रतिशत से अधिक की वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई है और वैश्विक वाणिज्यिक सफाई रोबोट बाजार में उनकी हिस्सेदारी 29 प्रतिशत तक पहुंच गई है।

पुतु रोबोटिक्स की सफलता इस बात का भी संकेत है कि चीन के और भी अनेक स्मार्ट रोबोट वैश्विक बाजारों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। शेनचेन सीमा-शुल्क के आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष की पहली छमाही में, शेनचेन से विभिन्न प्रकार के रोबोटों का निर्यात 6.94 अरब युआन रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 10.4 गुना अधिक है। ये रोबोट 110 से अधिक देशों और क्षेत्रों में निर्यात किए गए।

पुतु रोबोटिक्स के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी चांग थाओ ने कहा, “हम ग्राहकों की जरूरतों को आधार बनाकर बाजार को 16 प्रमुख उद्योगों तथा 800 से अधिक उप-उद्योगों और कार्य श्रेणियों में विभाजित करते हैं। इसी आधार पर उत्पादों के समग्र प्रदर्शन को लगातार बेहतर बनाया जाता है, ताकि उपकरण जटिल परिस्थितियों में भी प्रभावी, उपयोग में सरल और टिकाऊ बने रहें।” उन्होंने बताया कि कंपनी ने वितरण, सफाई, औद्योगिक तथा सामान्य एम्बॉडीड इंटेलिजेंस पर आधारित चार प्रमुख उत्पाद श्रृंखलाएं विकसित की हैं, जिनका उपयोग उद्योग, भंडारण और लॉजिस्टिक्स सहित अनेक क्षेत्रों में किया जा रहा है।

चांग थाओ के अनुसार, “वर्तमान में रोबोटों की समग्र पैठ अभी काफी कम है, लेकिन भविष्य में उनका उपयोग तेज़ी से बढ़ेगा और वे धीरे-धीरे लगभग सभी उद्योगों में पहुंच जाएंगे। अलग-अलग उपयोग क्षेत्रों में रोबोटों की आवश्यकताएं और प्रकार भिन्न होते हैं। हमारी कोशिश है कि सभी रोबोटों के लिए एक साझा “स्मार्ट दिमाग” विकसित किया जाए, जो वितरण, सफाई और औद्योगिक कार्यों जैसे विभिन्न प्रकार के रोबोटों को समान रूप से सक्षम बना सके।” उन्होंने कहा कि कंपनी प्रौद्योगिकी अनुसंधान और उत्पादों के निरंतर उन्नयन में निवेश जारी रखेगी, ताकि रोबोट और अधिक बुद्धिमान बन सकें।