सछ्वान के ईपिन से पहली चीन–लाओस अंतरराष्ट्रीय मालगाड़ी रवाना


4 अगस्त को रात 8 बजे सछ्वान प्रांत के ईपिन शहर से पहली चीन–लाओस अंतरराष्ट्रीय मालगाड़ी रवाना होती हुई।

4 अगस्त को सछ्वान प्रांत के ईपिन शहर से पहली चीन–लाओस अंतरराष्ट्रीय मालगाड़ी रवाना की गई। 50 कंटेनरों में औद्योगिक रासायनिक पदार्थ सोडियम सल्फेट लादे यह मालगाड़ी ईपिन से लाओस की राजधानी वियनतियाने के दक्षिण स्टेशन के लिए रवाना हुई। इसके साथ ही दक्षिणी सछ्वान क्षेत्र के कारखानों से सीधे आसियान देशों तक माल पहुंचाने वाला एक नया अंतरराष्ट्रीय रेल माल परिवहन मार्ग शुरू हो गया।

जानकारी के अनुसार, पहले इस प्रकार का माल उत्पादन के बाद ट्रकों के माध्यम से अन्य स्थानों के संग्रह केंद्रों तक पहुंचाया जाता था। वहां से उसे सड़क मार्ग द्वारा युन्नान की सीमा तक ले जाया जाता, जहां सीमा शुल्क की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उसे रेलगाड़ियों में स्थानांतरित कर लाओस भेजा जाता था। इस पूरी प्रक्रिया में काफी समय लगता था और मौसम, सड़क की स्थिति तथा माल के पुनः लदान की प्रक्रिया जैसे कारणों से परिवहन की समयबद्धता भी आसानी से प्रभावित हो जाती थी।

चाइना रेलवे छंगतू ब्यूरो समूह के छंगतू रेलवे लॉजिस्टिक्स केंद्र के एक अधिकारी ने बताया कि नई सेवा शुरू होने के बाद माल की सीमा शुल्क घोषणा अब प्रस्थान स्थल पर ही की जाएगी। सीमा चौकी पर निरीक्षण पूरा होने के बाद माल सीधे आगे भेज दिया जाएगा। इससे “एकल दस्तावेज़ पर सीधी रेल परिवहन सेवा” संभव हो गई है, जिसके कारण सीमा शुल्क निकासी का समय काफी कम होगा और क्षेत्रीय सीमा-पार लॉजिस्टिक्स की दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी ।