चीन ने दुर्लभ परमाणु नाभिकों का सफल उत्पादन किया और पहचान की

(CRI)13:34:13 2026-08-05

हाल ही में, चीनी विज्ञान अकादमी के आधुनिक भौतिकी संस्थान की एक शोध टीम और उनके सहयोगियों ने नवनिर्मित बड़े पैमाने की वैज्ञानिक सुविधा, उच्च तीव्रता वाले भारी आयन त्वरक सुविधा (एचआईएएफ) का उपयोग कर दुर्लभ परमाणु नाभिक, हैफनियम-153 का सफल उत्पादन करने के साथ-साथ उनकी पहचान की है।

यह इस बड़े पैमाने वाली वैज्ञानिक सुविधा के चालू होने के दौरान प्राप्त पहला भौतिक परिणाम है, जो इस बात की पुष्टि करता है कि चीन की नई पीढ़ी की उच्च-तीव्रता वाली भारी आयन अनुसंधान सुविधाओं में अज्ञात न्यूक्लाइड्स का पता लगाने और न्यूक्लाइड मानचित्र का विस्तार करने की क्षमता है। संबंधित निष्कर्ष हाल ही में अकादमिक पत्रिका साइंस बुलेटिन में प्रकाशित हुए थे।

गौरतलब है कि परमाणु नाभिक प्रोटोन और न्यूट्रॉन से बना होता है, और प्रोटोन और न्यूट्रॉन के विभिन्न संयोजन न्यूक्लाइड की एक समृद्ध और विविध दुनिया का निर्माण करते हैं। अज्ञात न्यूक्लाइड्स की खोज करना और परमाणु नाभिकों के अस्तित्व की सीमाओं का अध्ययन करना नाभिकीय भौतिकी के अध्ययन में महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं।