चीन के नेतृत्व में विकसित औद्योगिक संचार का नया अंतरराष्ट्रीय मानक जारी
4 अगस्त को मिली जानकारी के अनुसार, चीन के नेतृत्व में और कई देशों के विशेषज्ञों के सहयोग से तैयार किया गया WiTSnet औद्योगिक ईथरनेट संचार प्रोटोकॉल हाल ही में अंतरराष्ट्रीय विद्युत तकनीकी आयोग (IEC) द्वारा अंतरराष्ट्रीय मानक के रूप में जारी किया गया है। इसे चीन की स्वदेशी औद्योगिक नेटवर्क प्रौद्योगिकी को वैश्विक स्तर पर मिली व्यापक मान्यता के रूप में देखा जा रहा है। यह दुनिया का पहला औद्योगिक संचार प्रोटोकॉल है, जो गतिशील नेटवर्क संरचना पर आधारित है। इसके जरिए 10 नैनोसेकंड से कम की डिवाइस सिंक्रनाइज़ेशन सटीकता हासिल की जा सकती है और पूरे नेटवर्क में एंड टू एंड उच्च विश्वसनीयता के साथ डेटा संचार सुनिश्चित होता है।
वहीं, उच्च स्तरीय स्वचालित उत्पादन लाइनों में सिंक्रनाइज़ेशन की सटीकता और संचालन की स्थिरता बेहद अहम होती है। WiTSnet ने सटीक उपकरणों के रियल टाइम नियंत्रण से जुड़ी प्रमुख तकनीकी चुनौतियों का समाधान किया है। इससे डेटा फ़ॉरवर्डिंग में लगने वाला समय काफी घटा है, संचार चक्र छोटा हुआ है और तेज़ रफ्तार मशीनों तथा सटीक मशीनिंग की रियल टाइम नियंत्रण आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से पूरा किया जा सकता है। इसकी बहु डिवाइस सिंक्रनाइज़ेशन क्षमता मौजूदा मुख्यधारा की तकनीकों की तुलना में 5 से 10 गुना बेहतर बताई गई है। तेज़ प्रतिक्रिया और अत्यधिक सटीक समय समन्वय की वजह से यह कारखानों की उत्पादन क्षमता बढ़ाने, उत्पाद गुणवत्ता को स्थिर रखने और 24 घंटे लगातार उत्पादन सुनिश्चित करने में मददगार साबित हो सकता है।
इसके अलावा, इस अंतरराष्ट्रीय मानक के लागू होने से एक वैश्विक खुला ढांचा तैयार होगा, जिससे अलग अलग उपकरणों के बीच आपसी तालमेल की बाधाएं कम होंगी और कंपनियों की बदलाव व कनेक्टिविटी पर आने वाली लागत भी घटेगी। इससे न केवल चीन की स्मार्ट विनिर्माण क्षमता को मजबूती मिलेगी, बल्कि वैश्विक औद्योगिक तकनीकी मानकों के बेहतर समन्वय, सहयोग को बढ़ावा देने और विनिर्माण क्षेत्र के डिजिटल तथा बुद्धिमान बदलाव को गति देने में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।