पहली छमाही में चीन की समुद्री अर्थव्यवस्था का सकल उत्पादन 5.5 ट्रिलियन युआन रहा


फुजियान प्रांत के समुद्री चरागाह। (VCG)

इस वर्ष की पहली छमाही में चीन की समुद्री अर्थव्यवस्था का सकल उत्पादन 5.5 ट्रिलियन युआन तक पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 5.1 प्रतिशत अधिक है। इसके साथ ही, समुद्री अर्थव्यवस्था में स्थिर वृद्धि दर्ज की गई तथा इसके विकास की रफ्तार भी मजबूत बनी रही।

चीन के प्राकृतिक संसाधन मंत्रालय द्वारा 3 अगस्त को जारी किए गए समुद्री अर्थव्यवस्था की परिचालन रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष की पहली छमाही में चीन की समुद्री अर्थव्यवस्था का दायरा लगातार बढ़ा है। इसके आंतरिक विकास की लचीली क्षमता स्पष्ट रूप से उभरकर सामने आई है तथा राष्ट्रीय आर्थिक विकास में इसकी अग्रणी भूमिका और अधिक मजबूत हुई है। प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार, पहली छमाही में चीन की समुद्री अर्थव्यवस्था का सकल उत्पादन 5.5 ट्रिलियन युआन रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 5.1 प्रतिशत अधिक है। यह वृद्धि दर पूरे चीन की जीडीपी वृद्धि दर से 0.4 प्रतिशत अंक अधिक रही। इस अवधि में समुद्री अर्थव्यवस्था के सकल उत्पादन की जीडीपी में हिस्सेदारी 7.9 प्रतिशत रही।

चीन के प्राकृतिक संसाधन मंत्रालय के समुद्री रणनीति, योजना एवं अर्थव्यवस्था विभाग के उप महानिदेशक मंग छिंगलेई ने कहा कि इस वर्ष की शुरुआत से चीन में समुद्री संसाधन तत्वों की आपूर्ति स्थिर बनी हुई है, जिससे समुद्री अर्थव्यवस्था के विकास की मजबूत नींव पड़ी है। पहली छमाही में समुद्री क्षेत्रों और द्वीपों के उपयोग से संबंधित 1,246 नई परियोजनाओं को मंजूरी दी गई तथा 1.23 लाख हेक्टेयर समुद्री एवं द्वीपीय क्षेत्र के उपयोग को स्वीकृति प्रदान की गई। इन परियोजनाओं में 3.8 खरब युआन से अधिक का निवेश शामिल है, जिससे समुद्री मत्स्य पालन, उद्योग, परिवहन तथा अन्य क्षेत्रों की समुद्री क्षेत्रों और द्वीपों के उपयोग संबंधी आवश्यकताओं को प्रभावी ढंग से पूरा किया गया।