चीन का ओपन सोर्स एआई मॉडल वास्तविक अर्थव्यवस्था को देगा नई रफ्तार

(CRI)10:58:45 2026-07-31

इस हफ्ते सोमवार को चीनी एआई कंपनी Moonshot AI ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की कि वह अपने नवीनतम फ्लैगशिप मॉडल Kimi K3 को पूरी तरह ओपन सोर्स कर रही है। इस मॉडल में कुल 28 खरब पैरामीटर हैं, जो पैरामीटर के लिहाज से इसे दुनिया का सबसे बड़ा ओपन सोर्स एआई मॉडल बनाते हैं।

कंपनी के मुताबिक, Kimi K3 के साथ मॉडल वेट्स (Model Weights), तकनीकी रिपोर्ट और मॉडल ट्रेनिंग के लिए इस्तेमाल की जाने वाली तीन प्रमुख आधारभूत तकनीकें भी ओपन सोर्स की गई हैं। इसकी मदद से दुनिया भर के डेवलपर इस मॉडल को मुफ्त में डाउनलोड कर अपने सिस्टम पर तैनात कर सकेंगे।

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब किसी चीनी एआई मॉडल को ओपन सोर्स किया गया है। हालांकि, 28 खरब पैरामीटर वाले किसी फ्लैगशिप मॉडल को पहली बार वैश्विक स्तर पर पूरी तरह ओपन सोर्स किया गया है।

इसी बीच, इस साल चीन में बड़े एआई मॉडलों को ओपन सोर्स करने की रफ्तार काफी तेज हुई है। केवल छह महीनों के भीतर कई प्रमुख चीनी कंपनियों ने अपने सबसे उन्नत मॉडल आम लोगों और डेवलपर्स के लिए उपलब्ध करा दिए हैं।

विश्व के सबसे बड़े ओपन सोर्स एआई मॉडल प्लेटफॉर्म की स्प्रिंग 2026 रिपोर्ट के अनुसार, चीन में विकसित ओपन सोर्स मॉडलों की डाउनलोड संख्या वैश्विक कुल का 41 प्रतिशत है। वहीं, प्रमुख मॉडलों के वैश्विक लीडरबोर्ड में शीर्ष छह स्थानों पर चीनी टीमों के मॉडल शामिल हैं। पिछले 12 महीनों में चीनी मॉडल नौ महीनों तक वैश्विक ओपन सोर्स मॉडल विकास में सबसे आगे रहे हैं और उनकी नई तकनीक विकसित करने की रफ्तार भी दुनिया में अग्रणी बनी हुई है।

आंकड़ों के अनुसार, इस समय दुनिया के कुल एआई पेटेंटों में 60 प्रतिशत हिस्सेदारी चीन के पास है, जिससे वह एआई पेटेंट के मामले में दुनिया का सबसे बड़ा देश बन गया है। वहीं, चीन के उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के मुताबिक, वर्ष 2025 तक देश के एआई उद्योग का आकार 12 खरब युआन से अधिक हो चुका है और देश में 6,200 से ज्यादा एआई कंपनियां काम कर रही हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि ओपन सोर्स इकोसिस्टम लगातार मजबूत होने के साथ एआई का इस्तेमाल वास्तविक अर्थव्यवस्था में और तेजी से बढ़ेगा। इससे नए औद्योगीकरण को बढ़ावा मिलेगा और डिजिटल अर्थव्यवस्था के उच्च गुणवत्ता वाले विकास को भी दीर्घकालिक गति मिलेगी।