स्मार्ट इंटरनेट विकास 2026 पर “ब्लू बुक” पेइचिंग में जारी

तीसरी “स्मार्ट इंटरनेट ब्लू बुक”।(जन-दैनिक ऑनलाइन)
जन-दैनिक ऑनलाइन अनुसंधान संस्थान द्वारा तैयार की गई तीसरी “स्मार्ट इंटरनेट ब्लू बुक”—“चीन स्मार्ट इंटरनेट विकास रिपोर्ट 2026” आज पेइचिंग में जारी की गई। इस अवसर पर संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, अकादमिक जगत और उद्योग जगत के प्रतिनिधि विमोचन समारोह में शामिल हुए। समारोह में “15वीं पंचवर्षीय योजना” के शुरुआती वर्ष में स्मार्ट इंटरनेट के विकास को और आगे बढ़ाने तथा स्मार्ट अर्थव्यवस्था के नए स्वरूप के निर्माण जैसे विषयों पर चर्चा की गई।

जन-दैनिक ऑनलाइन के पार्टी सचिव एवं अध्यक्ष फान चंगवेई ने संबोधन दिया।(जन-दैनिक ऑनलाइन)
जन-दैनिक ऑनलाइन के पार्टी सचिव एवं अध्यक्ष फान चंगवेई ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यधारा के मीडिया संस्थान केवल तकनीकी सशक्तिकरण की प्रतीक्षा न करें,बल्कि सक्रिय रूप से स्मार्ट बदलावों को अपनाएं और डिजिटल-बुद्धिमत्ता के दौर में अपनी ऐतिहासिक जिम्मेदारियां निभाएं। उन्होंने कहा कि “15वीं पंचवर्षीय योजना” के आरंभिक वर्ष में स्मार्ट इंटरनेट मुख्यधारा के मीडिया के लिए नए अवसर खोल रहा है। पहला,यह ज्ञान प्राप्ति के प्रवेश द्वार का पुनर्निर्माण कर रहा है। बड़े भाषा मॉडल और स्मार्ट एजेंट नई पीढ़ी के ज्ञान आधार के रूप में उभर रहे हैं,जो उच्च गुणवत्ता और विश्वसनीय सामग्री को एल्गोरिदम आधारित सीमाओं से बाहर निकालकर करोड़ों उपयोगकर्ताओं तक सटीक रूप से पहुंचाने में मदद कर रहे हैं।
दूसरा, डेटा के मूल्य का पुनर्मूल्यांकन हो रहा है। डेटा संसाधन अब “उच्च गुणवत्ता वाली आपूर्ति” के नए चरण में प्रवेश कर चुके हैं। मुख्यधारा के मीडिया द्वारा संचित विशाल और विश्वसनीय सूचना स्रोत कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रशिक्षण के लिए महत्वपूर्ण रणनीतिक संसाधन बन गए हैं।
तीसरा, मीडिया की भूमिका और स्थिति में बदलाव आ रहा है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता अब केवल उत्पादन के लिए एक “उपकरण” नहीं रह गई है,बल्कि यह व्यावसायिक संचालन का “शक्तिशाली इंजन” बन गई है। इससे मीडिया संस्थान एआई गवर्नेंस में भागीदार, मानकों के सह-निर्माता और सेवाओं को सशक्त बनाने वाले संस्थानों में बदल रहे हैं।
“चीन स्मार्ट इंटरनेट विकास रिपोर्ट 2026” की प्रस्तावना लिखने वाले चीनी इंजीनियरिंग अकादमी के शिक्षाविद और त्सचिनशान प्रयोगशाला के मुख्य वैज्ञानिक लियू युनचिए ने वीडियो संदेश में कहा कि वर्तमान में चीन ने स्मार्ट इंटरनेट के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। वैश्विक इंटरनेट ट्रैफिक निगरानी एवं विश्लेषण मंच क्लाउडफ्लेयर रडार द्वारा जुलाई 2026 में जारी आंकड़ों के अनुसार, चीन में HTTP अनुरोधों में मशीन ट्रैफिक (Bots) की हिस्सेदारी 59.2 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जो मानव ट्रैफिक (40.8 प्रतिशत) से अधिक है। यह दर्शाता है कि चीन में स्मार्ट इंटरनेट अनुप्रयोग वर्तमान में तेज विकास के चरण में हैं। उन्होंने कहा कि “ब्लू बुक” का प्रकाशन चीन के अनुकूल स्मार्ट इंटरनेट विकास रणनीतियों की खोज को को प्रभावी रूप से बढ़ावा देगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि विभिन्न क्षेत्र इस “ब्लू बुक” पर निरंतर ध्यान देंगे और स्मार्ट इंटरनेट के विकास के लिए अधिक ज्ञान एवं प्रयासों का योगदान करेंगे।
इस कार्यक्रम का मुख्य आयोजन जन-दैनिक ऑनलाइन द्वारा किया गया, जबकि जन-दैनिक ऑनलाइन अनुसंधान संस्थान और 828 जाइरेन पोर्ट इसके सह-आयोजक रहे। वर्ष 2012 से 2023 तक जन-दैनिक ऑनलाइन अनुसंधान संस्थान ने लगातार 12 वर्षों तक मोबाइल इंटरनेट ब्लू बुक “चीन मोबाइल इंटरनेट विकास रिपोर्ट” का संपादन किया, जिसे सामाजिक विज्ञान दस्तावेज प्रकाशन गृह द्वारा प्रकाशित किया गया। इंटरनेट विकास की नई प्रवृत्तियों को बेहतर ढंग से प्रतिबिंबित करने और डिजिटल-बुद्धिमत्ता परिवर्तन की व्यापक दिशा के अनुरूप, जन-दैनिक ऑनलाइन ने वर्ष 2024 से “मोबाइल इंटरनेट ब्लू बुक” का नाम बदलकर “स्मार्ट इंटरनेट ब्लू बुक” कर दिया। इस श्रृंखला की ब्लू बुक को लगातार दस से अधिक वर्षों से “उत्कृष्ट ब्लू बुक पुरस्कार” से सम्मानित किया जा रहा है।