पेइचिंग में वैज्ञानिक बुद्धिमत्ता नवाचार को व्यापक बढ़ावा
शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा प्रतिभा संसाधनों की श्रेष्ठताओं का और अधिक उपयोग करने, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के माध्यम से वैज्ञानिक अनुसंधान को सशक्त बनाने और विभिन्न क्षेत्रों में वैज्ञानिक अनुसंधान की प्रगति को तेज करने के उद्देश्य से, पेइचिंग नगरपालिका ने हाल में “पेइचिंग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता द्वारा वैज्ञानिक अनुसंधान को सशक्त बनाने की त्वरित कार्यान्वयन योजना (2026-2028)” जारी की है। यह योजना वैज्ञानिक बुद्धिमत्ता के नवाचार और विकास को व्यापक रूप से बढ़ावा देने पर केंद्रित है।
इस योजना में अगले तीन वर्षों के लिए पेइचिंग में वैज्ञानिक बुद्धिमत्ता के विकास का स्पष्ट खाका तैयार किया गया है। इसमें “वैश्विक प्रभाव वाले वैज्ञानिक बुद्धिमत्ता नवाचार हब के निर्माण” का समग्र लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना में वैज्ञानिक बुद्धिमत्ता के मूलभूत सिद्धांतों और प्रमुख प्रौद्योगिकियों को मुख्य आधार बनाते हुए, स्वायत्त प्रयोगशाला प्रणाली का निर्माण, उच्च-मूल्य वाले उपयोग परिदृश्यों में अनुकरणीय अनुप्रयोगों को बढ़ावा देना, वैज्ञानिक मॉडल प्रणाली को और सशक्त बनाना, वैज्ञानिक डेटा आधार को मजबूत करना और बेहतर नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र तैयार करने जैसे पांच प्रमुख आयामों पर जोर दिया गया है। इसके तहत स्वायत्त प्रयोगशालाओं के निर्माण, प्रमुख वैज्ञानिक एवं तकनीकी बुनियादी ढांचे तथा अनुसंधान उपकरणों के बुद्धिमत्तापूर्ण उन्नयन, वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए एआई एजेंट और टूलकिट विकसित करने समेत 18 ठोस कार्य निर्धारित किए गए हैं।
हाल के वर्षों में पेइचिंग ने वैज्ञानिक बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में लगातार कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। पेइचिंग ने चीन में वैज्ञानिक बुद्धिमत्ता के लिए पहली विशेष स्थानीय नीति जारी की; पेइचिंग वैज्ञानिक बुद्धिमत्ता अनुसंधान संस्थान और चुंगकुआनछुन कृत्रिम बुद्धिमत्ता अनुसंधान संस्थान जैसे वैज्ञानिक बुद्धिमत्ता क्षेत्र के विश्व स्तरीय नवीन प्रकार के अनुसंधान एवं विकास संस्थानों की स्थापना की; “फानशी” वैज्ञानिक आधार बड़ा मॉडल, DPA परमाणु बड़ा मॉडल और MegaDFT घनत्व फलन सिद्धांत आधारित गणना मॉडल जैसी प्रतिनिधि उपलब्धियां हासिल कीं; स्वदेशी बुनियादी सॉफ्टवेयर स्टैक FlagOS को विकसित किया तथा स्वायत्त प्रयोग संचालन प्रणाली Uni-Lab-OS जारी की।