पहली छमाही में चीन-लाओस रेलवे से आयात-निर्यात माल का मूल्य 17.17 अरब युआन पहुंचा


चीन-लाओस रेलवे। (VCG)

खुनमिंग सीमा शुल्क के अंतर्गत आने वाले मंगला सीमा शुल्क कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, इस वर्ष की पहली छमाही में चीन-लाओस रेलवे के जरिए आयात-निर्यात माल का मूल्य 17.17 अरब युआन पहुंच गया, जिसमें साल-दर-साल 33.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। सीमा पार व्यापार में लगातार नई सक्रियता देखने को मिल रही है।

आयात के क्षेत्र में, ताजे ड्यूरियन, मैंगोस्टीन और लोंगन जैसे उष्णकटिबंधीय फलों का आयात मूल्य 4.22 अरब युआन रहा, जिसमें साल-दर-साल 25.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, निर्यात के क्षेत्र में नई ऊर्जा वाहन, लिथियम बैटरी और फोटोवोल्टिक उत्पादों सहित “नए तीन प्रमुख उत्पादों” का निर्यात मूल्य 2.14 अरब युआन रहा, जिसमें साल-दर-साल 3.5 गुना की वृद्धि दर्ज की गई। इसके अलावा, सीमा-पार ई-कॉमर्स B2B (जिसमें एक कंपनी सीधे दूसरी कंपनी को सामान या सेवाएं बेचती है) के निर्यात मूल्य में भी साल-दर-साल 1.2 गुना की वृद्धि हुई, जो निर्यात वृद्धि का नया इंजन बनकर उभरा है।

इस वर्ष 30 जून तक, चीन-लाओस रेलवे द्वारा कुल 22 हजार से अधिक अंतरराष्ट्रीय मालगाड़ियां संचालित की जा चुकी हैं। इनके माध्यम से 193.53 लाख टन माल का आयात-निर्यात हुआ, जिसका कुल मूल्य 90.28 अरब युआन रहा। रेलवे के संचालन के शुरुआती दौर में जहां आयात-निर्यात वस्तुओं की श्रेणियां केवल 10 से अधिक थीं, वहीं अब इनकी संख्या बढ़कर 3,900 से अधिक हो गई है। इनमें नई ऊर्जा वाहन, उष्णकटिबंधीय फल, समशीतोष्ण एवं ठंडे क्षेत्रों की सब्जियां, पारंपरिक चीनी औषधीय सामग्री आदि शामिल हैं। चीन-लाओस रेलवे का व्यापारिक नेटवर्क अब 19 देशों और क्षेत्रों तक फैल चुका है और यह चीन के 7,000 से अधिक विदेशी व्यापार संचालकों को सेवाएं प्रदान कर रहा है। इससे चीन और आसियान देशों के बीच पारस्परिक लाभ एवं साझा विकास वाली नई आर्थिक एवं व्यापारिक तस्वीर तेजी से आकार ले रही है।