शीनिंग-छंगतू रेलवे के सछ्वान खंड की सबसे लंबी सुरंग आर-पार हुई

शीनिंग-छंगतू रेलवे। (VCG)
छंगतू-लानचोउ रेलवे कंपनी लिमिटेड से मिली जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई को सुबह 9 बजकर 8 मिनट पर अंतिम विस्फोट के साथ, चाइना रेलवे नंबर-2 इंजीनियरिंग ब्यूरो द्वारा निर्मित शीनिंग–छंगतू रेलवे के सछ्वान खंड की सबसे लंबी सुरंग—बाओज़ुओ सुरंग—सफलतापूर्वक आर-पार जुड़ गई। इस उपलब्धि ने पूरी रेल लाइन को निर्धारित समय पर चालू करने के लिए मजबूत आधार तैयार किया है।
शीनिंग–छंगतू रेलवे चीन के “आठ ऊर्ध्वाधर और आठ क्षैतिज” हाई-स्पीड रेलवे नेटवर्क के अंतर्गत लानचोउ, शीनिंग से क्वांगचोउ तक जाने वाले लानचोउ-क्वांगचोउ रेलवे गलियारे का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह रेलवे छिंगहाई, कांसू और सछ्वान तीन प्रांतों को जोड़ता है और उत्तर-पश्चिम तथा दक्षिण-पश्चिम चीन के बीच संपर्क बढ़ाने वाला एक नया परिवहन गलियारा तैयार करता है।
बाओज़ुओ सुरंग सछ्वान प्रांत के आबा तिब्बती-च्यांग स्वायत्त प्रिफेक्चर के सोंगफान काउंटी में स्थित है। यह एकल सुरंग में दोहरी रेलवे लाइन वाली सुरंग है, जिसकी डिजाइन गति 200 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसकी कुल लंबाई 11,795 मीटर है। सुरंग की औसत ऊंचाई समुद्र तल से लगभग 3,500 मीटर है, जबकि इसका अधिकतम बिंदु करीब 3,700 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। यह छिंगहाई-शीत्सांग पठार के पूर्वी किनारे के अत्यधिक भूगर्भीय दबाव वाले क्षेत्र में स्थित है। सुरंग के कुल हिस्से का 98.5 प्रतिशत भाग चौथी श्रेणी या उससे ऊपर की कमजोर और टूटी हुई चट्टानी परतों वाले क्षेत्र से होकर गुजरता है।