2025 में चीन के डिजिटल उद्योग का राजस्व 39.6 ट्रिलियन युआन रहा, साल-दर-साल 8.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज
चीन के राष्ट्रीय इंटरनेट सूचना कार्यालय द्वारा हाल में जारी “राष्ट्रीय सूचना विकास रिपोर्ट-2025” के अनुसार, वर्ष 2025 में चीन के डिजिटल अर्थव्यवस्था के मुख्य उद्योगों का अतिरिक्त मूल्य जीडीपी में 10.5 प्रतिशत से अधिक रहा। इस दौरान डिजिटल उद्योग का राजस्व 39.6 ट्रिलियन युआन पहुंच गया, जिसमें साल-दर-साल 8.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
रिपोर्ट में कहा गया है कि वर्ष 2025 14वीं पंचवर्षीय योजना के समापन वर्ष के रूप में रहा। इस दौरान “14वीं पंचवर्षीय राष्ट्रीय सूचना-करण योजना” के निर्धारित सभी लक्ष्यों और कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया गया। नेटवर्क सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में नवाचार ने नई सफलताएं हासिल कीं, बुनियादी सहायक क्षमताओं में नया सुधार हुआ, औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण में नई प्रगति हुई, सूचना-करण के प्रमुख अनुप्रयोगों में नए प्रभावी परिणाम सामने आए, कानून एवं संस्थागत व्यवस्था के निर्माण में नई प्रगति हुई तथा साइबर स्पेस सहयोग का और विस्तार हुआ। इससे सूचना-करण विकास ने प्रमुख क्षेत्रों में सफलता हासिल करने से आगे बढ़कर व्यापक सशक्तिकरण के नए चरण में प्रवेश किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025 में चीन के सूचना क्षेत्र से जुड़े पीसीटी अंतरराष्ट्रीय पेटेंट आवेदनों की संख्या लगातार पांचवें वर्ष 30 हजार से अधिक रही और वैश्विक हिस्सेदारी करीब 36 प्रतिशत तक पहुंच गई। क्वांटम प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल हुईं। वहीं, 6G प्रौद्योगिकी अनुसंधान और मानक विकास को मजबूती से आगे बढ़ाया गया। पहले चरण के तकनीकी परीक्षण पूरे किए गए और 300 से अधिक प्रमुख तकनीकों का संचय किया गया।
इसके अलावा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) प्रौद्योगिकी के विकास में भी तेजी आई है। चीन में उच्च प्रदर्शन वाले बड़े एआई मॉडलों की संख्या और गुणवत्ता लगातार बढ़ रही है। कई बड़े मॉडल उत्पादों का प्रदर्शन वैश्विक स्तर पर अग्रणी पायदान पर है। ओपन-सोर्स कृत्रिम बुद्धिमत्ता मॉडलों के वैश्विक डाउनलोड की संख्या दुनिया में पहले स्थान पर है। नेटवर्क बुनियादी ढांचे की गुणवत्ता और क्षमता में सुधार एवं उन्नयन हुआ है। वर्ष 2025 में चीन में 5.88 लाख नए 5G बेस स्टेशन स्थापित किए गए, जिससे कुल संख्या बढ़कर 48.38 लाख हो गई। 5G उपयोगकर्ताओं की पैठ दर बढ़कर 84.7 प्रतिशत हो गई, जबकि 330 से अधिक शहरों में 5G-A नेटवर्क कवरेज उपलब्ध हो चुका है। कंप्यूटिंग क्षमता संबंधी बुनियादी ढांचे का विस्तार और उन्नयन हुआ है। वर्ष 2025 के अंत तक, चीन में उपयोग में आने वाले कंप्यूटिंग बुनियादी ढांचे की क्षमता 1.373 करोड़ से अधिक मानक रैक तक पहुंच गई। चीन में 42 दस हजार-कार्ड स्तर के स्मार्ट कंप्यूटिंग क्लस्टर बनाए गए हैं। स्मार्ट कंप्यूटिंग क्षमता 15.9 लाख PFLOPS (FP16) तक पहुंच गई है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 15वीं पंचवर्षीय योजना अवधि नेटवर्क शक्ति संपन्न राष्ट्र के निर्माण की नींव मजबूत करने और व्यापक रूप से आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण चरण होगी। सूचना-करण अब डिजिटलीकरण, नेटवर्कीकरण और बुद्धिमत्ताकरण के व्यापक उन्नयन के नए चरण में प्रवेश कर रहा है। डिजिटल परिवर्तन की गति लगातार तेज हो रही है, नेटवर्क आधारित सहयोग का विस्तार गहराता जा रहा है और बुद्धिमत्ता-आधारित उन्नयन के नए रूप लगातार सामने आ रहे हैं। सूचना-करण की आर्थिक एवं सामाजिक उच्च गुणवत्ता वाले विकास को सशक्त बनाने वाली भूमिका और गुणक प्रभाव और अधिक स्पष्ट होंगे।