जून के अंत तक चीन की कुल स्थापित विद्युत उत्पादन क्षमता 10.8 प्रतिशत बढ़ी

31 मई 2026 को सछ्वान प्रांत के याच्यांग में यालोंग नदी पर निर्मित लियांगहेखोउ जलविद्युत स्टेशन का दृश्य।(VCG)
चीन के राष्ट्रीय ऊर्जा प्रशासन द्वारा हाल में जारी आंकड़ों के अनुसार, जून के अंत तक चीन की कुल स्थापित विद्युत उत्पादन क्षमता 4.04 अरब किलोवाट तक पहुंच गई, जो साल-दर-साल आधार पर 10.8 प्रतिशत अधिक है। इनमें सौर ऊर्जा की स्थापित क्षमता 1.27 अरब किलोवाट रही, जिसमें 15.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, पवन ऊर्जा की स्थापित क्षमता 68 करोड़ किलोवाट रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में 18.5 प्रतिशत अधिक है।
राष्ट्रीय ऊर्जा प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष जनवरी से जून तक चीन में 15.87 करोड़ किलोवाट नई विद्युत स्थापित क्षमता जोड़ी गई। इसमें नई जलविद्युत स्थापित क्षमता 60.3 लाख किलोवाट रही, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 21 लाख किलोवाट अधिक है। नई ताप विद्युत स्थापित क्षमता 383.6 लाख किलोवाट रही, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 91.8 लाख किलोवाट अधिक है। इसी अवधि में नई पवन ऊर्जा और सौर ऊर्जा स्थापित क्षमता क्रमशः 386.2 लाख किलोवाट और 720.7 लाख किलोवाट रही।
बिजली उत्पादन के क्षेत्र में, चीन ने हाल के वर्षों में क्षेत्रों के बीच बिजली आपूर्ति में पूरकता और पारस्परिक सहयोग की क्षमता का लगातार दोहन किया है। इससे ऊर्जा संसाधनों और बिजली खपत केंद्रों के बीच भौगोलिक असंतुलन की समस्या को धीरे-धीरे कम करने में मदद मिली है। “पश्चिम से पूर्व बिजली आपूर्ति” और “उत्तर से दक्षिण बिजली आपूर्ति” की व्यवस्था को और बेहतर बनाया गया है। इस वर्ष की पहली छमाही में, चीन का बिजली उत्पादन स्थिर गति से बढ़ा। निर्धारित आकार से ऊपर के औद्योगिक उद्यमों का बिजली उत्पादन 4.8 ट्रिलियन किलोवाट-घंटा रहा, जो साल-दर-साल आधार पर 3.5 प्रतिशत अधिक है। स्वच्छ ऊर्जा से बिजली उत्पादन में भी तेज वृद्धि दर्ज की गई। जलविद्युत, परमाणु ऊर्जा, पवन ऊर्जा और सौर ऊर्जा सहित स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों से बिजली उत्पादन में 4.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसका हिस्सा निर्धारित आकार से ऊपर के औद्योगिक उद्यमों के कुल बिजली उत्पादन में 36.2 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 0.4 प्रतिशत अंक अधिक है।