वैश्विक बाजार में चीन के जैव-औषधि उद्योग की मजबूत बढ़त

जैव-औषधि उद्योग न केवल लोगों के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ा है, बल्कि राष्ट्रीय रणनीतिक सुरक्षा, नई गुणवत्ता वाली उत्पादक शक्तियों के विकास तथा उच्च गुणवत्ता वाली आर्थिक वृद्धि का भी महत्वपूर्ण आधार है। चीन की 15वीं पंचवर्षीय योजना के प्रारूप में जैव-औषधि उद्योग को रणनीतिक उभरते उद्योगों में शामिल किया गया है।

चीन के राष्ट्रीय औषधि उत्पाद प्रशासन (NMPA) के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, वर्ष की पहली छमाही में चीन में 38 नवीन दवाओं को बाजार में उतारने की मंजूरी दी गई। इनमें 11 ऐसी दवाएं शामिल हैं, जो नए जैविक लक्ष्य और नई कार्यप्रणाली पर आधारित हैं। ये सभी स्वदेशी रूप से विकसित नवीन दवाएं हैं, जिनमें कुछ दुनिया की पहली उपचारात्मक दवाएं भी शामिल हैं। इसी अवधि में 42 नवीन चिकित्सा उपकरणों को भी मंजूरी दी गई, जिनमें कई ऐसे उत्पाद हैं जो विश्व में पहली बार विकसित किए गए हैं।

चीन का जैव-औषधि उद्योग अब तेज़ी से उच्च गुणवत्ता वाले विकास के चरण की ओर बढ़ रहा है। उद्योग का पैमाना वैश्विक स्तर पर दूसरे स्थान पर है, जबकि विकासाधीन नवोन्मेषी दवाओं की पाइपलाइन में चीन की हिस्सेदारी दुनिया के कुल आंकड़े का लगभग 30 प्रतिशत है।