तोंग्रेन की हरियाली से दुनिया तक फैली माचा चाय की महक
कुइचोउ प्रांत के उत्तर-पूर्वी भाग में स्थित तोंग्रेन प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है। यहां एक ओर भव्य फानचिंगशान पर्वत है, तो दूसरी ओर कल-कल बहती चिनच्यांग नदी। पर्वत और नदी का यह मनोहारी संगम तोंग्रेन की रमणीय प्राकृतिक छटा को और निखार देता है।
वूलिंग पर्वतमाला की सर्वोच्च चोटी फानचिंगशान पर्वत को वर्ष 2018 में यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया था। यह चीन की 53वीं विश्व धरोहर और 13वीं विश्व प्राकृतिक धरोहर है। इस छेत्र के दुर्लभ सुनहरे लंगूर जंगलों में विचरण करते हैं,जबकि फानचिंगशान पर्वत की फ़र प्रजाति के वृक्ष बादलों और धुंध के बीच पनपते हैं। समृद्ध जैव विविधता से भरपूर यह हरित पारिस्थितिकी तंत्र वन्यजीवों का सुरक्षित आश्रय होने के साथ-साथ तोंग्रेन की सबसे बड़ी प्राकृतिक पहचान भी है।
उत्तम प्राकृतिक परिवेश ने तोंग्रेन को उत्कृष्ट गुणवत्ता वाली चाय की सौगात दी है। तोंग्रेन के च्यांगखोउ काउंटी स्थित माचा चाय बागानों में दूर तक फैले पर्वत और सीढ़ीनुमा चाय के खेत मनमोहक दृश्य प्रस्तुत करते हैं। अधिक ऊंचाई, बादलों और धुंध की अधिकता और अपेक्षाकृत कम धूप जैसी प्राकृतिक परिस्थितियां यहां उच्च गुणवत्ता वाली चाय उत्पादन के लिए आदर्श वातावरण प्रदान कराती हैं। दिसंबर 2025 तक, तोंग्रेन में माचा चाय का मुख्य उत्पादन क्षेत्र लगभग 5,667 हेक्टेयर तक विकसित किया जा चुका है।
आज तोंग्रेन में माचा उद्योग एक सुविकसित औद्योगिक श्रृंखला का रूप ले चुका है। यहां विश्व की सबसे बड़ी एकल माचा प्रसंस्करण इकाई स्थापित है। स्थानीय स्तर पर उत्पादित माचा का उपयोग चाय पेय, बेकरी उत्पादों, स्नैक खाद्य पदार्थों और अन्य खाद्य उत्पादों में व्यापक रूप से किया जा रहा है, जिससे अधिकाधिक उपभोक्ता इसके विशिष्ट स्वाद का आनंद ले रहे हैं।
वर्ष 2025 में तोंग्रेन में माचा का उत्पादन और बिक्री 2,500 टन तक पहुंच गई। निर्यात के मामले में यह चीन में प्रथम और विश्व में द्वितीय स्थान पर रहा।
घरेलू रसोई में बनने वाले माचा स्टर्जन व्यंजनों से लेकर सड़क किनारे मिलने वाली माचा आइसक्रीम तक, माचा तोंग्रेन के जनजीवन में पूरी तरह रच-बस चुका है। "चीन की माचा राजधानी" के रूप में विख्यात तोंग्रेन अपनी पर्वतीय हरियाली और ताज़ी चाय की महक के साथ दक्षिण-पश्चिम चीन की पर्वतमालाओं से निकलकर दुनिया भर में अपनी खुशबू बिखेर रहा है।
