पहली छमाही में चीन के केंद्रीय उपक्रमों का कुल मुनाफा 1.4 ट्रिलियन युआन रहा
इस वर्ष जनवरी से जून के दौरान चीन के केंद्रीय सरकारी उपक्रमों के उत्पादन एवं परिचालन में स्थिरता के साथ गुणवत्ता में सुधार हुआ तथा समग्र संचालन की स्थिति लगातार बेहतर रही। इस अवधि में इन उपक्रमों ने कुल 1.4 ट्रिलियन युआन का मुनाफा अर्जित किया, जबकि स्थायी परिसंपत्तियों में निवेश में साल-दर-साल 4.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
यह ताज़ा जानकारी 21–22 जुलाई को आयोजित केंद्रीय उपक्रमों के प्रमुखों की संगोष्ठी के दौरान चीन की राज्य परिषद के राज्य-स्वामित्व परिसंपत्ति पर्यवेक्षण एवं प्रशासन आयोग (SASAC) द्वारा जारी की गई। आयोग के निदेशक छंग फूबो ने कहा कि वर्ष की पहली छमाही में केंद्रीय उपक्रमों ने विभिन्न चुनौतियों और अनिश्चितताओं का सक्रियता से सामना करते हुए सतत विकास की गति बनाए रखी।
प्रमुख वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान परियोजनाओं में भी तेजी आई है। जनवरी से जून के दौरान केंद्रीय उपक्रमों का अनुसंधान एवं विकास (R&D) व्यय साल-दर-साल आधार पर 3.8 प्रतिशत बढ़ा। वर्ष 2025 के राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पुरस्कारों में 50 केंद्रीय उपक्रमों को कुल 112 पुरस्कार प्राप्त हुए। इस दौरान चाइना एयरोस्पेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी कॉरपोरेशन ने अपने लॉन्ग मार्च-10B रॉकेट के प्रथम चरण की नियंत्रित रिकवरी सफलतापूर्वक पूरी की। वहीं, एविएशन इंडस्ट्री कॉरपोरेशन ऑफ चाइना (AVIC) के HH-200 वाणिज्यिक मानवरहित विमान परिवहन प्रणाली ने सफल पहली उड़ान भरी। इसके अलावा, चाइना फर्स्ट ऑटोमोबाइल वर्क्स समूह ने उच्च ऊर्जा-घनत्व वाली ऑल-सॉलिड-स्टेट बैटरी सेल का नमूना तैयार किया, जबकि आनगांग समूह ने उच्च दक्षता वाली फ्लुइडाइज़्ड-बेड हाइड्रोजन धातुकर्म की नई तकनीक स्वदेशी रूप से विकसित की।
केंद्रीय उपक्रमों की औद्योगिक संरचना लगातार अधिक आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण बन रही है। चाइना यूनिकॉम ने छिंगहाई के सानच्यांगयुआन क्षेत्र में हरित ऊर्जा और स्मार्ट कंप्यूटिंग के एकीकृत प्रदर्शन पार्क का उच्च मानकों के अनुरूप निर्माण किया है। चाइना हुआनंग ने विद्युत ऊर्जा भंडारण के लिए दुनिया का पहला सुपरकैपेसिटर अंतरराष्ट्रीय मानक जारी किया है। इसके अलावा, चाइना टेलीकॉम ने चीन में पहली बार एआई-आधारित बहु-इंटेलिजेंट एजेंट विश्वसनीय संचार का सफल परीक्षण पूरा किया, जबकि चाइना मोबाइल के नेतृत्व में 3-जीपीपी का दुनिया का पहला 6-जी अंतरराष्ट्रीय मानक तैयार किया गया। वहीं, चाइना नेशनल बिल्डिंग मैटेरियल्स ग्रुप ने T1200 श्रेणी के अति-उच्च प्रदर्शन वाले कार्बन फाइबर का औद्योगिक स्तर पर बड़े पैमाने पर उत्पादन शुरू करने में अग्रणी सफलता हासिल की।
राज्य-स्वामित्व वाले उपक्रमों में सुधार की प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ रही है। चाइना पेट्रोलियम एंड केमिकल कॉरपोरेशन (SINOPEC) ने चाइना नेशनल एविएशन फ्यूल ग्रुप का पुनर्गठन कर सतत विमानन ईंधन (SAF) उद्योग के विकास को गति दी है। वहीं, चाइना ऑयल एंड गैस पाइपलाइन नेटवर्क कॉरपोरेशन (PipeChina) और अन्य उपक्रमों ने अधिक व्यवस्थित तथा मानकीकृत प्रशासनिक ढांचा विकसित किया है, जिससे विभिन्न प्रबंधन निकायों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित हुआ है। साथ ही, अधिक सटीक प्रदर्शन मूल्यांकन व्यवस्था को और मजबूत किया गया है, नियामकीय दक्षता में लगातार वृद्धि हुई है तथा पैठ-आधारित निगरानी व्यवस्था को व्यापक स्तर पर लागू किया जा रहा है।
वर्ष की दूसरी छमाही में केंद्रीय उपक्रम आर्थिक संचालन की मौजूदा सकारात्मक स्थिति को बनाए रखने, मौलिक नवाचार तथा प्रमुख कोर प्रौद्योगिकियों पर अनुसंधान एवं विकास को तेज़ करने, औद्योगिक परिवर्तन और उन्नयन को बढ़ावा देने, राष्ट्रीय स्तर की प्रमुख परियोजनाओं को आगे बढ़ाने तथा अपनी 15वीं पंचवर्षीय योजना का निर्माण और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देंगे। इसके साथ ही, राज्य-स्वामित्व वाले उपक्रमों में सुधार के नए दौर को उच्च गुणवत्ता के साथ लागू करने, प्रमुख क्षेत्रों के जोखिमों की रोकथाम और समाधान करने तथा रणनीतिक समर्थन एवं सुरक्षा क्षमता को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया जाएगा।