शीत्सांग में 5जी अंतर-नेटवर्क रोमिंग सेवा का व्यावसायिक विस्तार शुरू
17 जुलाई को शीत्सांग स्वायत्त प्रदेश में 5जी अंतर-नेटवर्क रोमिंग सेवा के व्यावसायिक विस्तार संबंधी समझौते पर हस्ताक्षर समारोह ल्हासा में आयोजित किया गया। समारोह में शीत्सांग संचार प्रबंधन ब्यूरो तथा चाइना टेलीकॉम शीत्सांग कंपनी, चाइना मोबाइल शीत्सांग कंपनी, चाइना यूनिकॉम शीत्सांग कंपनी और चाइना ब्रॉडकास्टिंग नेटवर्क शीत्सांग कंपनी के संबंधित अधिकारी शामिल हुए।
अंतर-नेटवर्क रोमिंग का अर्थ है कि उपयोगकर्ताओं को न तो सिम कार्ड बदलने की आवश्यकता होगी, न ही मोबाइल नंबर बदलना पड़ेगा और न ही अतिरिक्त शुल्क देना होगा। जब उपयोगकर्ता के अपने ऑपरेटर के 5जी नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध न हो, नेटवर्क कवरेज कमजोर हो या सिग्नल ब्लाइंड स्पॉट हो, तब वह स्वचालित रूप से खुले हुए अंतर-नेटवर्क रोमिंग क्षेत्रों में अन्य ऑपरेटरों के 5जी नेटवर्क से निर्बाध रूप से जुड़ सकेंगे और सामान्य रूप से 5जी संचार सेवाओं का उपयोग कर सकेंगे।
शीत्सांग का क्षेत्रफल विशाल, आबादी विरल और भौगोलिक परिस्थितियां जटिल हैं। यहां की अत्यधिक ठंडी और कम ऑक्सीजन वाली प्राकृतिक परिस्थितियों ने दूरदराज के पशुपालक क्षेत्रों और पहाड़ी गांवों में संचार बुनियादी ढांचे के निर्माण के सामने बड़ी चुनौतियां खड़ी की हैं। 5जी अंतर-नेटवर्क रोमिंग व्यवस्था के आधिकारिक रूप से व्यावसायिक संचालन में आने से शीत्सांग के संचार उद्योग के विकास से जुड़ी क्षेत्रीय और विशेष परिस्थितियों वाली समस्याओं का समाधान होगा।
जानकारी के अनुसार, 5जी अंतर-नेटवर्क रोमिंग व्यवस्था लागू होने के बाद शीत्सांग का संचार उद्योग पूरे नेटवर्क के संसाधनों का समन्वित एवं साझा उपयोग कर सकेगा। इससे बुनियादी ढांचे के दोहराव वाले निर्माण से बचा जा सकेगा और सीमावर्ती एवं दूरदराज क्षेत्रों में संचार नेटवर्क के निर्माण तथा रखरखाव की लागत में काफी कमी आएगी। यह पूरे प्रदेश के सूचना एवं संचार उद्योग में अधिक कुशल और समन्वित विकास को बढ़ावा देने तथा लागत घटाने एवं दक्षता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस रोमिंग मॉडल के आधार पर शीत्सांग के कुछ दूरदराज गांवों, पशुपालक क्षेत्रों और राष्ट्रीय एवं प्रांतीय राजमार्गों के किनारे मौजूद एकल नेटवर्क सिग्नल की कमी और कमजोर कवरेज की समस्या को दूर करने की उम्मीद है, जिससे पूरे नेटवर्क में बेहतर संचार संपर्क स्थापित हो सकेगा।