चीन की अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाएं 263 वैश्विक शहरों तक पहुंचीं
चीन के नागरिक उड्डयन प्रशासन के उपप्रमुख हान च्युन ने 21 जुलाई को राज्य परिषद सूचना कार्यालय की प्रेस वार्ता में बताया कि चीन का अंतरराष्ट्रीय हवाई मार्ग नेटवर्क अब दुनिया के 90 देशों और क्षेत्रों के 263 शहरों तक पहुंच चुका है। इनमें, पूर्ण मालवाहक उड़ान सेवाएं 70 देशों और क्षेत्रों के 162 शहरों तक संचालित हो रही हैं।
हान च्युन ने बताया कि वर्ष 2025 में चीन के नागरिक उड्डयन क्षेत्र में कुल हवाई माल एवं डाक परिवहन मात्रा पहली बार 1 करोड़ टन के आंकड़े को पार कर गई। इनमें अंतरराष्ट्रीय हवाई मार्गों के माध्यम से 44 लाख टन माल का परिवहन किया गया। शांगहाई फुतोंग, क्वांगचोउ पाईयुन, शनचन पाओआन, पेइचिंग कैपिटल, एचोउ हुआहू और चंगचोउ शिनचंग सहित चीन के छह हवाई अड्डे दुनिया के शीर्ष 30 मालवाहक हवाई अड्डों में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि चीन में अंतरराष्ट्रीय हवाई माल परिवहन का पैमाना लगातार बढ़ रहा है और इसकी सेवा क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
अंतरराष्ट्रीय हवाई माल परिवहन औद्योगिक श्रृंखला और आपूर्ति श्रृंखला के उन्नयन तथा उच्च स्तरीय खुलेपन को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण आधार प्रदान करता है। हान च्युन ने कहा कि 15वीं पंचवर्षीय योजना अवधि के दौरान नागरिक उड्डयन प्रशासन व्यापक पहुंच, सुचारु संचालन, विविधता एवं लचीलेपन तथा सुरक्षित और विश्वसनीय हवाई माल परिवहन प्रणाली के निर्माण को सक्रिय रूप से बढ़ावा देगा। साथ ही, पेशेवर और समेकित सेवा क्षमताओं को मजबूत करते हुए अंतरराष्ट्रीय हवाई माल परिवहन के स्वस्थ और व्यवस्थित विकास को आगे बढ़ाया जाएगा।