छंगतू में 16 जुलाई से शुरू होगा एपेक डिजिटल सप्ताह
15 जुलाई को चीनी विदेश मंत्रालय के नियमित संवाददाता सम्मेलन में प्रवक्ता लिन च्येन से पूछा गया कि 16 जुलाई से सछ्वान प्रांत के छंगतू में एपेक डिजिटल सप्ताह शुरू होने जा रहा है। इस साल एपेक की मेज़बानी कर रहे चीन की ओर से कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी डिजिटल प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में सदस्य अर्थव्यवस्थाओं के बीच सहमति और सहयोग को कैसे बढ़ावा दिया जाएगा? साथ ही, एपेक के 'चीन वर्ष' के बाकी कार्यक्रमों को लेकर चीन की क्या योजना है?
लिन च्येन ने बताया कि वर्ष 2026 एपेक का 'चीन वर्ष' है। मेज़बान देश के रूप में चीन पूरे साल 10 से अधिक पेशेवर मंत्रिस्तरीय बैठकें और उच्च स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करेगा। इन्हीं में एपेक डिजिटल सप्ताह की गतिविधियां भी शामिल हैं, जो जल्द ही सछ्वान प्रांत के छंगतू में आयोजित होंगी। उन्होंने कहा कि यह एपेक की पेशेवर मंत्रिस्तरीय बैठकों से जुड़े सबसे महत्वपूर्ण और व्यापक आयोजनों में से एक है।
लिन च्येन ने कहा कि एपेक 'चीन वर्ष' के आधे से अधिक कार्यक्रम पूरे हो चुके हैं और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि चीन मेज़बान के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सभी सदस्य पक्षों के साथ मिलकर विभिन्न क्षेत्रों और तंत्रों में सहयोग को और मजबूत करेगा, अधिक से अधिक सहमति बनाने का प्रयास करेगा तथा नवंबर में होने वाले नेताओं के सम्मेलन के लिए मजबूत आधार तैयार करेगा। उनका कहना था कि इससे एशिया-प्रशांत क्षेत्र के विकास और समृद्धि को भी नई गति मिलेगी।