32वां चीन लानचोउ निवेश एवं व्यापार मेला संपन्न, 42 हजार से अधिक अतिथियों की भागीदारी


9 जुलाई को लानचोउ निवेश एवं व्यापार मेले में एक कारोबारी प्रतिभागी मेहमानों को अपने उत्पादों की जानकारी देते हुए।(शिन्हुआ समाचार एचेंसी)

32वां चीन लानचोउ निवेश एवं व्यापार मेला 13 जुलाई को चीन के कांसु प्रांत की राजधानी लानचोउ में संपन्न हुआ। इस बार के “व्यावहारिक सहयोग के नए अवसर, खुले विकास की नई संरचना” विषयक मेले में, उच्च गुणवत्ता वाले “बेल्ट एंड रोड” सहयोग और पश्चिमी भू-समुद्री नए गलियारे के निर्माण को सक्रिय रूप से बढ़ावा दिया गया। इस मेले में देश-विदेश से आए करीब 42 हजार अतिथियों की भागीदारी दर्ज की गई।

कांसु प्रांत आर्थिक सहयोग केंद्र के निदेशक ल्यू तोंग ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मेले में उच्च-स्तरीय खुलेपन को प्रमुखता दी गई। मेले में दक्षिण कोरिया और पाकिस्तान को मुख्य अतिथि देश के रूप में आमंत्रित किया गया तथा इन देशों के राष्ट्रीय मंडपों के उद्घाटन समारोह और द्विपक्षीय आर्थिक एवं व्यापारिक संपर्क गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसके अलावा, 13 अंतरराष्ट्रीय आर्थिक एवं व्यापारिक गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें परिवहन गलियारों को सशक्त बनाने, वैज्ञानिक एवं तकनीकी नवाचार सहयोग तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों में कई सहयोग परियोजनाओं और विदेशी व्यापार समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए, जिससे बाहरी सहयोग की विशेषज्ञता और दीर्घकालिक प्रभावशीलता के स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ।

इस मेले में सिल्क रोड अंतरराष्ट्रीय सहयोग, क्षेत्रीय सहयोग एवं आदान-प्रदान तथा विशेष एवं लाभकारी उद्योगों समेत पांच प्रमुख प्रदर्शनी क्षेत्र स्थापित किए गए, जहां नई ऊर्जा, नई सामग्री, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, उपकरण निर्माण और जैव चिकित्सा जैसे क्षेत्रों के 10 हजार से अधिक उत्पादों का प्रदर्शन किया गया।